खबर पक्की, 13 मार्च, रतलाम। एसपी अमित कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन रतलाम, रक्षित निरीक्षक कार्यालय तथा पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, संसाधनों की उपलब्धता, भवनों की स्थिति तथा शासकीय वाहनों की कार्यशीलता की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित परेड में परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत के नेतृत्व में पुलिस बल ने पुलिस अधीक्षक को विधिवत सलामी दी। एसपी ने परेड का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन, ड्रिल, मार्चिंग और आपसी समन्वय का सूक्ष्म अवलोकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत भी किया गया।
परेड के बाद टोलीवार परेड की कार्यवाही संपन्न कराई गई। इस दौरान पुलिस प्लाटून द्वारा यातायात नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा भीड़ नियंत्रण से संबंधित यातायात संकेतों का अभ्यास भी किया गया, जिससे आपात स्थितियों में पुलिस बल की तत्परता और समन्वय को मजबूत किया जा सके।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने विभाग के शासकीय वाहनों का निरीक्षण किया। इसमें पुलिस जीप, चार पहिया वाहन, पुलिस वज्र वाहन सहित अन्य विशेष उपयोगी वाहनों की स्थिति, रख-रखाव और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई। साथ ही रक्षित निरीक्षक कार्यालय, रोजनामचा शाखा, आर्म्स शाखा, वाहन शाखा और स्टोर शाखा का निरीक्षण कर अभिलेखों के संधारण और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, प्रशिक्षु आईपीएस वैभव प्रिय, डीएसपी अनिशा जैन, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, सूबेदार मोनिका चौहान, सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसपी ने पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया, परेड की सलामी लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा
