• Tue. Aug 4th, 2026

मंत्री विजय शाह का पुतला जलाया : पुलिस से प्रदर्शनकारियों की छीनाछपटी, झुलसने से बचा कॉन्स्टेबल, मंत्री के इस्तीफे की मांग

BySurendra Jain

Dec 16, 2025

खबर पक्की, 16 दिसंबर, रतलाम। जनजातीय व रतलाम जिला प्रभारी मंत्री विजय शाह का पुतला महिला कांग्रेस ने मंगलवार शाम को शहीद चौक पर जलाया। मंत्री विजय शाह के पोस्टर हाथों में लेकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुतला जलाने के पहले पुलिस व कांग्रेसियों की जमकर पुतले को लेकर छीना-झपटी हुई। लेकिन इसी बीच कांग्रेसियों ने पुतले को आग लगा दी, जिससे एक कॉन्स्टेबल झुलसने से बच गया। पुतले का जलता हुआ टुकड़ा कॉन्स्टेबल के ऊपर आ गिरा।
मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की
पुतला दहन के पहले भाजपा सरकार व मंत्री विजय शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन के बाद सभी कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर भाजपा पार्टी व मंत्री विजय शाह के मुर्दाबाद के नारे लगाए। राज्यपाल के नाम ज्ञापन रतलाम ग्रामीण एसडीएम को सौंपा। जिसमें लाडली बहना को अपमानित करने के असंवैधानिक कृत्य पर कैबिनेट से बर्खास्त करने की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस नेता पारस सकलेचा, रतलाम शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, शैलेंद्रसिंह अठाना, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर, पार्षद आशा राजीव रावत, इक्का बेलूत आदि मौजूद रहे।
काले झंडे दिखाएंगे
कांग्रेस नेत्रियों ने कहा कि मंत्री शाह द्वारा लगातार अनर्गल बयानबाजी की जा रही है। प्रदेश के भाजपा सरकार मंत्री को संरक्षण दे रही है। एक तरफ बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओं का संदेश देते है। दूसरी तरफ महिलाओं का अपमान किया जा रहा है। मंत्री शाह के रतलाम आने पर काले झंडे दिखाए जाएंगे।
मंत्री विजय शाह का बयान
शनिवार को रतलाम में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री डॉ. विजय शाह ने लाड़ली बहना योजना को लेकर विवादित बयान दिया था। मंत्री ने कहा ता कि सरकार अगर करोड़ों रुपए दे रही है, तो लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री का सम्मान करने आना चाहिए और जो नहीं आएंगी, उनकी जांच पेंडिंग कर दी जाएगी।
बैठक के दौरान मंत्री विजय शाह ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी से जिले में लाड़ली बहनों की संख्या पूछी। अधिकारी ने बताया कि जिले में करीब ढाई लाख लाड़ली बहनें हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री को दो साल हो गए हैं। ढाई लाख में से कम से कम 50 हजार तो सम्मान करने आना चाहिए।

You missed

error: Content is protected !!