• Thu. Sep 24th, 2026

सुसाइड से पहले प्रेमिका से कहा- भगवान माफ नहीं करेगा, वीडियो बनाया, शादी का झांसा देकर 5 लाख ऐंठने का आरोप, महिला हिरासत में

BySurendra Jain

Dec 1, 2025

खबर पक्की, 1 दिसंबर, रतलाम। एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें अपनी प्रेमिका पर प्यार में धोखा देने और शादी का झांसा देकर 4-5 लाख रुपए ऐंठने का आरोप लगाया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। घटना पिपलौदा तहसील के ग्राम उपरवाड़ा की है।
मृतक की पहचान राहुल (32) पिता किशोर पाटीदार के रूप में हुई है। गांव के लोगों ने सोमवार सुबह इंस्टाग्राम पर उसका वीडियो देखा तो वे उसे तलाशते हुए उसकी चाय की दुकान पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। जाली से देखा तो राहुल फंदे पर लटका हुआ था।
वीडियो में कहा- तूने शादी का गेम खेला
वीडियो में युवक ने महिला का नाम लेते हुए कहा- तुमने मेरे साथ शादी का गेम खेला। तुमने कहा था कि तुम्हारे साथ शादी करूंगी। मैंने तेरे को बोला था कि अगर तुम शादी करोगी तो ही मुझसे बात करना। तेरी इंस्टाग्राम की एक-एक चैटिंग निकालकर देख लेना, तूने क्या बोला था।
नीमच शादी में छोडऩे गया था, 4-5 लाख ऐंठे
राहुल ने वीडियो में आगे कहा, तुमने मुझे बोला था नीमच शादी में जाना है तो मैं तुम्हें नीमच तक छोडऩा आया था। उस दिन भी समझाया था, फिर रिश्ता बिगाड़ा। तुमने फिर मुझसे वादा किया था कि शादी करूंगी। तुमने मुझसे बहुत से पैसे ऐंठे। मेरे घरवालों को भी बताया। 4-5 लाख तो तेरे पास पड़े होंगे। शादी का झांसा देकर तुमने मेरे साथ बहुत गलत किया, इसलिए आज मैं सुसाइड कर रहा हूं, मेरे परिवार को छोड़कर जा रहा हूं। भगवान तुझे माफ नहीं करेगा।
दोनों पहले से शादीशुदा, महिला दो बार शादी कर चुकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल पहले से शादीशुदा है, लेकिन अपनी पत्नी से अलग हो चुका था। वहीं, जिस महिला पर आरोप लगाया है, वह भी दो बार शादी कर चुकी है और दोनों पतियों से अलग रह रही है। उसका एक 10 साल का बेटा भी है। पुलिस को राहुल और महिला का एक कार में बैठा वीडियो भी मिला है।
महिला हिरासत में, दस्तावेज नहीं मिले
जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया कि वीडियो के आधार पर महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। महिला को राउंडअप (हिरासत में) किया गया है और पूछताछ की जा रही है। दोनों के तलाक की बात सामने आई है, लेकिन अभी तक दस्तावेज नहीं मिले हैं।

error: Content is protected !!