खबर पक्की, 1 दिसंबर, रतलाम। जिले के धौंसवास में बाइक की किस्त मांगने को लेकर विवाद हो गया। फाइनेंस कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर दिया। जब इस बात की जानकारी आसपास खड़े ग्रामीणों को लगी तो उन्होंने हमला करने वाले बाइक सवारों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने हमलावरों को पकड़कर जमकर पीट दिया। पिटाई का वीडियो सामने आया है।
घटना क्रम सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे का है। बाइक फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एक्जुकेटिव वीरेंद्र सिंह पिता मंगलसिंह सोलंकी निवासी बाजेड़ा अपने एक साथी वीरेंद्र सिंह तंवर के साथ किस्त कलेक्शन के लिए जावरा जा रहे थे। रास्ते में धौंसवास गांव में वह रुके हुए थे। जावरा की तरफ से आ रही एक बाइक पर सवार दो लोगों को रोका। बाइक का नंबर अपनी लिस्ट में देख उनसे किस्त जमा कराने को कहा। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
किस्त मांगने पर चाकू मारे
दो युवकों में से एक युवक ने वीरेंद्र सिंह के गले पर चाकू से हमला कर दिया। वीरेंद्र सिंह ने अपना बचाव किया। झूमाझटकी और विवाद देख मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए। चाकू मारने वाले दोनों युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और दोनों को जमकर पिट दिया।
विवाद की सूचना नामली थाना पुलिस को लगी। पुलिस के पहुंचने के पहले ग्रामीणों की भीड़ लग गई। हंगामा बढऩे की सूचना पर रतलाम से एएसपी राकेश खाखा भी पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को तितर बितर किया और दोनों युवकों को पकड़ कर नामली थाना ले आई। वहीं घायल फाइनेंस कर्मचारी वीरेंद्र सिंह को रतलाम मेडिकल कॉलेज लाकर भर्ती कराया।
ग्रामीण भी थाने पहुंचे
हंगामे के बाद ग्रामीण नामली थाना पहुंच गए। दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। बाद में दोनों युवकों के खिलाफ नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने जानलेवा हमला करने का केस दर्ज करने की बात कही तब ग्रामीण माने।
बाइक को गिरवी रखा
घायल वीरेंद्रसिंह ने बताया कि बाइक क्रमांक एमपी 43 जेडजी 6649 की 6 किस्त बाकी थीं। किस्त लेने गाड़ी मालिक जावरा निवासी आसिफ खान के पास जा रहे थे। रास्ते में धौंसवास के यहां खड़े थे तभी बाइक क्रमांक हमें आते हुए दिखाई दी। बाइक रुकवा कर बाइक पर सवार दो युवकों से किस्त जमा करने को कहा। इस दौरान बाइक पर सवार दोनों युवकों ने गाली गलौज की। कहने लगे अभी जेल में मिलने जा रहे हैं फिर आकर तुझे फ्री कर देंगे। दोनों विवाद कर हाथापाई पर आ गए।
एक युवक ने चाकू निकाल कर मेरे गले पर हमला कर दिया। जिससे में बच गया। चाकू से गले पर घाव हुआ है। दूसरे युवक के हाथ में भी चाकू था। घायल के अनुसार गाड़ी मालिक ने 30 हजार रुपए में दोनों बाइक सवारों में एक को बाइक गिरवी रखी है। यह हमें मालूम नहीं था। हम तो गाड़ी मालिक के पास किस्त मांगने जा रहे थे।
घायल का कहना था कि रात-दिन उस रास्ते से आते-जाते हैं तो ग्रामीण भी जानते हैं। ग्रामीणों ने यह विवाद करते देखा तो हमें बचाया। एएसपी राकेश खाखा ने बताया फाइनेंस की गाड़ी को लेकर आपसी विवाद हुआ है। विवाद में चाकूबाजी की घटना हुई है। हमलावरों को अभिरक्षा में लेकर केस दर्ज किया है।
किस्त मांगने पर फाइनेंस कर्मचारी को चाकू मारे : ग्रामीणों ने हमलावरों को पकड़ कर पीटा; कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर लगाया जाम
