खबर पक्की, 8 नवंबर, रतलाम। जिले के बिरियाखेड़ी स्थित खाद गोदाम में स्टॉक चेकिंग के दौरान गड़बड़ी सामने आई। कलेक्टर मिशा सिंह के निरीक्षण के बाद गिनती में 8 बोरी खाद कम मिली। गोदाम प्रभारी सही जवाब नहीं दे पाए, तो उनसे 10,400 रुपए की वसूली की गई। यह राशि सरकारी बैंक खाते में जमा कराई गई।
दरअसल, दो दिन पहले कलेक्टर मिशा सिंह गोदाम का निरीक्षण करने पहुंची थीं। नकद वितरण केंद्र भी देखा। किसानों से बात की। गोदाम का निरीक्षण पर स्टॉक चेकिंग में ऑनलाइन पत्रक और पास स्लिप के रिकॉर्ड अलग-अलग पाए गए। इसके बाद कलेक्टर ने जिला विपणन अधिकारी यशवर्धन सिंह को स्टॉक मिलान कराने और पूरी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
गिनती की तो कम निकली 8 बोरिया
विपणन अधिकारी ने खाद की बोरियों की गणना गुरुवार रात तक कराई। इसमें टीएसपी खाद की 8 बोरी कम निकली। गोदाम प्रभारी से जवाब मांगा तो वह संतुष्ट पूर्ण जवाब नहीं दे पाए। इसकी रिपोर्ट शुक्रवार को कलेक्टर को दी गई। इसके बाद गोदाम प्रभारी से खाद की प्रति बोरियों के हिसाब से 10,400 रुपए की वसूली के आदेश जारी किए। गोदाम प्रभारी ने यह राशि शासकीय बैंक के खाते में जमा कराई है।
जिला विपणन अधिकारी यशवर्धनसिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी है। खाद की बोरियों के स्टॉक में अंतर आने पर राशि की वसूली गोदाम प्रभारी से की गई है।
खाद गोदाम के निरीक्षण में गड़बड़ी पकड़ाई : 8 बोरी कम मिलीं, कलेक्टर ने गोदाम प्रभारी से 10,400 रुपए वसूले
