• Mon. Oct 5th, 2026

अस्पताल और सब्जी मंडी से चोरी चार मोटरसाइकिलें बरामद, आरोपी गिरफ्तार, स्टेशन रोड थाना पुलिस की कार्रवाई, चोरी की चार टीवीएस एक्सल मोटरसाइकिलें बरामद

BySurendra Jain

Oct 5, 2026

खबर पक्की, 5 अक्टूबर, रतलाम। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की चार टीवीएस एक्सल मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी ने पूछताछ में जिला अस्पताल एवं सब्जी मंडी क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया है। उससे अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
अस्पताल के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी
फरियादी मुकेश कुमार शर्मा, निवासी पत्रकार कॉलोनी रतलाम, ने 30 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने मित्र के साथ डॉक्टर को दिखाने शासकीय अस्पताल गया था। उसने अस्पताल के बाहर अपनी टीवीएस एक्सल मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी43एमएफ6754 खड़ी की थी। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। रिपोर्ट पर स्टेशन रोड थाने में अपराध क्रमांक 773/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी पकड़ा
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पन्द्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में विशेष दल गठित किया गया। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दुलेसिंह पिता शोभाराम भाटी, उम्र 52 वर्ष, निवासी कुम्हार मोहल्ला, कानवन, जिला धार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
चार मोटरसाइकिलें बरामद
पूछताछ में आरोपी ने जिला अस्पताल के बाहर मुख्य मार्ग और सब्जी मंडी क्षेत्र से चार मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चार टीवीएस एक्सल मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें एमपी43एमएफ6754, एक बिना नंबर की टीवीएस सुपर एक्सल, एक बिना नंबर की टीवीएस एक्सल हेवी ड्यूटी और एक बिना नंबर की टीवीएस सुपर एक्सल शामिल है।
अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी
आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर अन्य वाहन चोरी की घटनाओं, चोरी किए गए वाहनों तथा संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, सहायक उपनिरीक्षक मुरली मकवाना, आरक्षक रितेश यादव, आरक्षक धीरेन्द्र गोखले, आरक्षक दीपक वसुनिया एवं आरक्षक मृत्युंजयसिंह की सराहनीय भूमिका रही।

You missed

error: Content is protected !!