खबर पक्की, 5 अक्टूबर, रतलाम। जिले के जावरा में होटल में युवती के साथ पकड़े गए युवक ने सोमवार दोपहर जहर खा लिया। इससे पहले उसने कार में बैठकर फेसबुक लाइव किया और खुद के साथ हुई घटना को लेकर कई आरोप लगाए। लाइव के दौरान उसने कहा कि होटल में उसका वीडियो बनाया गया और उसे फंसाया गया।
फेसबुक लाइव से युवक के जहर खाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी। बाद में युवक खुद कार से घर पहुंचा, जहां वह गिर गया। आसपास के लोग उसे निजी नर्सिंग होम ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी सुमीत मिश्रा के मुताबिक, पुलिस को फेसबुक लाइव के जरिए युवक के जहर खाने की जानकारी मिली थी। तलाश के दौरान उसके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली। पुलिस उसके बयान और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
2 अक्टूबर को होटल में युवती के साथ मिला था
2 अक्टूबर को युवक की पत्नी पुलिस के साथ महू-नीमच रोड स्थित होटल प्रेसिडेंट पहुंची थी। यहां युवक एक युवती के साथ मिला था। इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महिला अपने पति को थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही थी। इसके बाद पुलिस युवक को थाने ले गई थी। पत्नी की शिकायत पर युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
फेसबुक लाइव में लगाए कई आरोप
करीब 10 मिनट 19 सेकंड के फेसबुक लाइव में युवक ने होटल की घटना, पत्नी से विवाद और वायरल वीडियो को लेकर अपनी बात रखी। उसने आरोप लगाया कि होटल में उसका कुर्ता उतरवा कर वीडियो बनाया गया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
युवक ने सोशल मीडिया पेज संचालक दीपक गोरीवाल पर भी आरोप लगाए। उसने कहा कि उसे गलत तरीके से फंसाया गया है।
युवक ने अपने पारिवारिक विवाद का भी जिक्र किया। उसका कहना था कि उसकी पत्नी करीब डेढ़ साल से अलग रह रही है। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उसने अपने खिलाफ दर्ज मामलों और पत्नी की शिकायतों को लेकर भी सफाई दी।
युवती ने भी दो दिन पहले खाया था जहर
होटल में युवक के साथ मिली युवती ने भी दो दिन पहले जावरा स्थित अपने घर पर जहर खा लिया था। प्राथमिक इलाज के बाद उसे रतलाम रेफर किया गया। फिलहाल युवती का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले में होटल की घटना, वायरल वीडियो, दोनों के जहर खाने और युवक के लगाए आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। युवक के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छह महीने पहले टंकी पर चढ़ा था
युवक 6 माह पहले जावरा में सरकारी लाइब्रेरी खोलने की मांग को लेकर इकबाल गंज स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया था। उस समय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
करीब दो घंटे तक समझाइश दी। लाइब्रेरी खोलने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद यह टंकी से नीचे उतर आया था।
होटल में गर्लफ्रेंड संग पकड़ाए युवक ने जहर खाया : फेसबुक पर लाइव आकर रोया, बोला- मेरी क्या गलती थी, वीडियो बनाकर मुझे फंसाया गया
