• Wed. Oct 7th, 2026

पुलिसकर्मी बन महिला के गले से उतरवाई सोने की चेन, कागज की पुडिय़ा में बांध थैली में रखवाई, खोल कर देखा तो निकले पत्थर

BySurendra Jain

Aug 4, 2025

खबर पक्की, 4 अगस्त, रतलाम। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत कर्मचारी कॉलोनी में सोमवार सुबह दो बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग महिला को झांसे में ले लिया। महिला के गले से डेढ़ तोले की सोने की चेन उतरवाकर बदमाशों ने उसे कागज की पुडिय़ा में रखवाया और थैली में बांधवा दी। कुछ देर बाद जब महिला ने पुडिय़ा खोली तो उसमें से पत्थर निकले। घटना की शिकायत महिला ने थाने में दर्ज कराई है।
बुजुर्ग महिला हेमकन्या पंवार सुबह करीब 10.15 बजे अलकापुरी चौराहे पर कांवड़ यात्रा देखने जा रही थीं। तभी दो युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए बोले कि आगे एक महिला की चेन चोरी हो चुकी है, आप भी चेन पहनकर जा रही हैं, इसे सुरक्षित रख लो। इस दौरान उन्होंने एक अन्य व्यक्ति को भी रोका, जिसने महिला के सामने दिखावे के तौर पर अपनी चेन जेब में रखी।
महिला से चेन उतरवाकर थैली में बांधवा दी
बदमाशों ने महिला की डेढ़ तोले की चेन उतरवाई और कागज की पुडिय़ा बनाकर उसकी थैली में रखवाकर गठान लगवा दी। कुछ देर बाद जब महिला को शक हुआ और पुडिय़ा खोली तो उसमें से पत्थर निकले। महिला ने परिजनों को बताया और वे थाने पहुंचे।
सीसीटीवी बंद मिलने से पहचान में दिक्कत
पुलिस ने महिला को कंट्रोल रूम भेजा ताकि वह सीसीटीवी फुटेज देखकर आरोपियों की पहचान कर सके, लेकिन रात में जनरेटर की केबल जलने से सुबह के फुटेज रिकॉर्ड नहीं हो सके। 10:30 बजे के बाद कैमरे चालू हुए थे। पुलिस अब घटना स्थल के पास निजी सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।
सिविल ड्रेस में थे आरोपी
महिला के मुताबिक दोनों युवक सादे कपड़ों में थे, एक ने लाल टोपी पहन रखी थी। पुलिस को शक है कि जिस तीसरे व्यक्ति ने सामने चेन जेब में रखी, वह भी गिरोह का हिस्सा था।
केस दर्ज, तलाश में जुटी टीम
एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि महिला से ठगी की पुष्टि हुई है। मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

You missed

error: Content is protected !!