खबर पक्की, 6 अक्टूबर, रतलाम। जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के मावता में भाजपा नेता और किराना व्यवसायी कपिल जायसवाल (44) ने मंगलवार को अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह दुकान के अंदर उनका शव फंदे पर लटका मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें लिखा है- “मैं मानसिक रूप से परेशान हूं। अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूं। घर वालों को परेशान नहीं किया जाए।
सूचना मिलने पर मावता पुलिस चौकी प्रभारी दिनेश राठौर समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जावरा सरकारी अस्पताल भेजा। दोपहर में पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के परिवार में माता-पिता, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।
पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। प्रारंभिक जांच में मृतक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
किराये की दुकान में चलाते थे कारोबार
कपिल जायसवाल ने मावता में अपने घर के पास ही एक छोटी दुकान किराये पर ले रखी थी। इसी दुकान में वे किराना कारोबार करते थे। मंगलवार सुबह दुकान के अंदर पतरे पर रस्सी का फंदा लगाकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। कपिल जायसवाल भाजपा के सुखेड़ा मंडल के उपाध्यक्ष भी थे।
पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त किया
मावता चौकी प्रभारी दिनेश राठौर ने बताया कि मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है। इसमें मानसिक रूप से परेशान होने और अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात लिखी है। मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
भाजपा नेता ने लगाई फांसी : अपनी ही दुकान में फंदे पर लटका मिला शव; नोट छोड़ा- अपनी मर्जी से कर रहा हूं खुदकुशी
