• Tue. Oct 6th, 2026

नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में अतिथि शिक्षक को पेड़ से बांधकर पीटा, मारपीट करने वालों पर भी केस

BySurendra Jain

Oct 6, 2026

खबर पक्की, 6 अक्टूबर, रतलाम। जिले के ताल थाना क्षेत्र में एक अतिथि शिक्षक पर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने और कुछ लोगों द्वारा छेड़छाड़ के मामले को लेकर उसे पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना तीन दिन पुरानी बताई जाती है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग शिक्षक को पेड़ से बांधकर थप्पड़ मारते और रस्सी से पीटते हुए दिखाई दे रहे है। शिक्षक इस दौरान रोते हुए उसे छोडऩे की गुहार लगाता नजर आ रहा है।
बताया जाता है कि जिस शिक्षक के साथ मारपीट की गई उसका नाम योगेंद्र जाटव है और मुरैना जिले के एक गांव का रहने वाला है। वह अतिथि के रूप में रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र के एक गांव में किराये से मकान लेकर रहता है तथा एक स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में पदस्थ है। मामला 03 अक्टूबर 2026 का बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी अतिथि शिक्षक ने एक नाबालिग छात्रा को किसी बहाने से बुलाया था और उसके साथ छेड़छाड़ की थी। शोर मचाने पर छात्रा के परिजन व अन्य लोग पहुंच गए थे तथा आरोपी अतिथि शिक्षक को पकड़ लिया था। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे एक पेड़ से रस्सी से बांध दिया था और उसके साथ मारपीट की गई थी। मारपीट करने का किसी ने वीडियो भी बनाया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले में नाबालिग छात्रा के परिजन की शिकायत पर ताल पुलिस ने आरोपी योगेंद्र जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
शिक्षक ने भी कराया प्रकरण दर्ज
मारपीट के मामले में अतिथि शिक्षक योगेंद्र ने भी ताल थाने में कुछ लोगों के खिलाफ उनके खिलाफ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 03 अक्टूबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे वे लंच के दौरान अपनी पहचान की एक लड़की से मिलने गए थे।दोपहर करीब पौने तीन बजे एक स्थान पर दो लोगों ने उन्हें रोका और गाली-गलौच करते हुए लड़की से मिलने का कारण पूछने लगे. गाली-गलौच करने से मना करने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। साथ ही धमकी दी गई कि आगे से गांव की किसी लड़की से मिलने आया तो जान से खत्म कर देंगे। वह मारपीट करने वालों को नहीं जानता है। ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी के अनुसार शिक्षक की रिपोर्ट पर मारपीट करने वालों पर भी प्रकरण दर्ज किया गया है, वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की तलाश की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!