• Thu. Aug 20th, 2026

डेढ़ साल के बच्चे की कार से टक्कर, मौत, रतलाम में नाबालिग चला रहा था कार, घर के बाहर खेलता आया था मासूम, चपेट में आया

BySurendra Jain

Aug 4, 2025

खबर पक्की, 4 अगस्त, रतलाम। घर के बाहर खेल रहे डेढ़ साल के बच्चे को कार ने टक्कर मार दी। टक्कर से बच्चा बेसुध हो गया। परिजन प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गए। वहां से रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार नाबालिग चला रहा था।
घटना शहर के थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत सोमवार सुबह 10.45 बजे अलकापुरी क्षेत्र की है। मृतक का नाम ऋषिक (डेढ़ साल) पिता सचिन तिवारी है।
बच्चा घर के अंदर खेल रहा था। खेलते हुए अचानक से घर के बाहर आया तभी शनि मंदिर की तरफ आई कार क्रमांक एमपी 4र्3 ं्य 9818 ने टक्कर मार दी। टक्कर से बच्चे के सिर में चोट आने से वह बेसुध हो गया। कार चालक ने कार रोकी।
इसी दौरान घर के सदस्य व पड़ोसी भी आ गए। तुरंत बेटे को लेकर परिजन 80 फीट रोड स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया। जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
भाई के साथ खेल रहा था मासूम, दोनों जुड़वा
मृतक बच्चा जुड़वा था। घटना के पहले दोनों भाई घर के अंदर खेल रहे थे। कार से टकराने के कुछ देर पहले ऋषिक दादी की गोद में था। दादी के हाथ में पूजा की थाली होने के कारण उसे नीचे उतारा था। वह दौड़ता हुआ घर के बाहर निकला। इसी दौरान कार की टक्कर लग गई। बच्चे की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नाबालिग चला रहा था कार
जिस कार से टक्कर हुई है वह 16 साल का नाबालिग चला रहा था। उदयप्रताप उसी क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता है। पिता सुरेंद्र प्रताप राठौर गांव से सुबह कार से बेटे से मिलने आए थे। तभी बेटे ने पिता से कहा कार से एक चक्कर लगाकर आता हूं। उसी दौरान गली में बच्चा कार की टक्कर से घायल हो गया। डीएसपी अजय सारवान ने बताया प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग कार लेकर एक राउंड लगाने के लिए घर से निकला था। अचानक बच्चा खेलते हुए बाहर आया। कार की चपेट में आने से उसकी दुखद मौत हो गई। अपराध दर्ज किया जा रहा है। नाबालिग के पिता को भी आरोपी बनाया जाएगा।

error: Content is protected !!