खबर पक्की, 3 अगस्त, रतलाम। किराना सामान लेकर शनिवार रात को बाजना लौट रहे व्यापारी शुभम अग्रवाल की कार पर अज्ञात लोगों ने पत्थरबाजी कर दी। घटना मझोडिय़ा पुलिया के पास हुई। कार में उनकी पत्नी भी मौजूद थीं। पत्थर ड्राइवर साइड के कांच पर लगा जिससे कांच टूट गया। डर के कारण व्यापारी ने कार नहीं रोकी और सीधे बाजना थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर बाजार बाजना निवासी व्यापारी शुभम अग्रवाल ने बताया कि 2 अगस्त को वे पत्नी पायल अग्रवाल के साथ रतलाम से सामान खरीदकर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे जब वे मझोडिय़ा की पुलिया के पास पहुंचे तो अज्ञात बदमाशों ने सामने से उनकी कार का रास्ता रोकने की कोशिश की। उसी समय एक पत्थर उनकी कार के ड्राइवर साइड पर फेंका गया, जो कांच पर लगकर टूट गया।
पत्नी भी थी साथ, डर के कारण नहीं रोकी कार
शुभम ने बताया कि उस समय वे कार में अकेले पत्नी के साथ थे। स्थिति को देखते हुए उन्होंने कार नहीं रोकी और सीधे बाजना थाने पहुंचे। थाने में पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।
कार का कांच टूटा, 5 हजार का नुकसान
पत्थरबाजी के चलते कार का साइड ग्लास और डोर का कांच पूरी तरह टूट गया। शुभम ने नुकसान की कीमत करीब 5 हजार रुपए बताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात पर केस दर्ज, आसपास के इलाके में पूछताछ
बाजना थाना प्रभारी रंजीत सिंगार ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मझोडिय़ा और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। जांच जारी है।
रतलाम से लौटते समय व्यापारी की कार पर पत्थरबाजी, खरीददारी कर पत्नी के साथ घर जा रहे थे; सामने से आए बदमाशों ने घेरा
