खबर पक्की, 2 अगस्त, रतलाम। जिले के ताल क्षेत्र में शुक्रवार रात दो बदमाशों ने तीन लोगों को चाकू मार दिया। उनके बीच कुत्ता घुमाने को लेकर विवाद हुआ था। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एक को इंदौर रेफर किया गया है। घटना रात 10:40 बजे ताल फंटा की है।
यहां नीलेश राठौर अपनी दुकान के सामने कुत्ता घुमा रहा था। इसी दौरान आलोट की ओर से मोटरसाइकिल पर आए सद्दाम मंसूरी और सुरेश मालवीय ने नीलेश को कुत्ते को हटाने के लिए अपशब्द कहे। नीलेश ने अपशब्द कहने से मना किया। दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उसका गला पकड़कर चांटा मार दिया।
थाना प्रभारी टीएस डावर ने बताया कि दोनों आरोपी सद्दाम और सुरेश को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों जमुनिया शंकर के रहने वाले हैं। शुक्रवार रात किसी साथी को ताल घंटे पर लेने आए थे। इसी दौरान ताल फंटा पर विवाद हुआ।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।
भाई बीच-बचाव करने आए, तो किया हमला
विवाद बढ़ता देख नीलेश का भाई सचिन और शुभम राठौर बीच-बचाव के लिए आए। इसी दौरान सद्दाम ने जेब से चाकू निकाला और तीनों के पेट में मार दिया। हमले के बाद आरोपी धमकी देते हुए आलोट रोड की ओर भाग गए।
घायलों को पहले स्थानीय निवासी कूल राजपूत ने अपनी गाड़ी से गंगाशंकर अस्पताल पहुंचाया। वहां से जावरा और फिर रतलाम के गीता देवी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर तीनों को इंदौर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दो लोगों ने तीन युवकों के पेट में मारा चाकू : आलोट में कुत्ता घुमाने को लेकर हुआ विवाद, तीनों इंदौर रेफर
