खबर पक्की, 22 जुलाई, रतलाम। जिले में मंगलवार को त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत तीन ग्राम पंचायतों- कलमोड़ा, कुआंझागर और मावता में सरपंच पद और नयानगर (वार्ड 13, इस्लामनगर) में पंच पद के लिए मतदान हुआ। वोटिंग सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली और मतदान ईवीएम मशीनों के जरिए कराया गया।
रतलाम जनपद की ग्राम पंचायत कलमोड़ा के अंतर्गत आने वाले खीमापाड़ा गांव के ग्रामीणों ने सड़क नहीं बनने से नाराज होकर मतदान का बहिष्कार किया। मतदान समाप्त होने तक अधिकांश ग्रामीण वोट डालने नहीं पहुंचे। गांव के सभी 295 वोटरों ने विरोध जताया। वे मतदान केंद्र क्रमांक 212 के वोटर थे। कुल 719 मतदाताओं में से 424 ने ही मतदान किया।
अधिकारियों ने समझाया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने
बहिष्कार की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने लिखित आश्वासन मांगा, लेकिन कोई अधिकारी लिखित में देने को तैयार नहीं हुआ। पंचायत इंस्पेक्टर कमलेश पापरीवाल ने बताया कि सड़क प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना में स्वीकृत है, लेकिन आचार संहिता के कारण काम शुरू नहीं हो पाया। फिलहाल हर वर्ष बारिश में मुर्रम डालकर समतलीकरण किया जाता है।
कलमोड़ा में पहले हटाए गए सरपंच की जगह नए चुनाव
ग्राम पंचायत कलमोड़ा में पूर्व सरपंच को अविश्वास प्रस्ताव के जरिए हटाया गया था। इसके बाद यहां दोबारा चुनाव कराए गए। सरपंच पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं। इसी तरह जनपद पंचायत पिपलौदा की ग्राम पंचायत मावता में छह प्रत्याशी और ग्राम पंचायत कुआंझागर में तीन प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
वोटिंग प्रतिशत पर एक नजर
कुआंझागर – 1766 में से 1747 मतदाता, 81.93त्न मतदान
कलमोड़ा – 1796 में से 1294 मतदाता, 72.04त्न मतदान
मावता – 3849 में से 3202 मतदाता, 83.19त्न मतदान
कलमोड़ा क्षेत्र की सड़कों की हालत खराब, पहले भी कर चुके हैं शिकायत
कलमोड़ा ग्राम पंचायत में खीमापाड़ा के अलावा जुलवानिया पाड़ा गांव भी आता है। इन गांवों को रतलाम से जोडऩे वाली सड़क काफी खराब हालत में है। ग्रामीणों ने पहले भी इसकी शिकायत की थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
26 जुलाई को मतगणना और परिणाम
पंच पद की मतगणना मतदान केंद्र पर ही मतदान के तुरंत बाद की जाएगी, परिणाम की घोषणा भी इसी दिन होगी। सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य पदों की मतगणना 26 जुलाई को सुबह 8 बजे विकासखंड मुख्यालय पर शुरू होगी। सुबह 10.30 बजे से मतों का सारणीकरण कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव : खीमापाड़ा गांव ने सड़क नहीं बनने पर किया बहिष्कार, 26 जुलाई को आएंगे परिणाम
