खबर पक्की, 22 जुलाई, रतलाम। संतों की रक्षा को लेकर रतलाम में मंगलवार को सर्व हिंदू समाज ने प्रदर्शन किया। संतों की उपस्थिति में बड़ी संख्या में सर्व हिंदू समाज एकत्र हुआ। सीएम के नाम ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
बता दें कि 13 जुलाई की रात करीब 1 बजे अज्ञात व्यक्तियों ने सैलाना के अडवानिया स्थित श्री आनंदगिरि जी के आश्रम में घुस कर आश्रम के सेवादार के साथ मारपीट की थी। आश्रम की लाइटें व अन्य सामग्री को तोडफ़ोड़ कर नुकसान पहुंचाया था।
इस घटना से आश्रम हीं नहीं पूरे क्षेत्र में भय एवं आक्रोश है। घटना के अगले दिन आनंदगिरि जी महाराज ने सैलाना पुलिस को इस बारे में अवगत कराया था। लेकिन अभी तक हमलावर पकड़े नहीं जा सके।
इसी के विरोध में व संतों की सुरक्षा के लिए संत व सर्व हिंदू समाज कालिका माता मंदिर परिसर में एकत्र हुआ। संतों ने अपनी बात रख घटना का विरोध जताया।
आरोपियों की पहचान तक नहीं हुई
ज्ञापन में बताया घटना कि लिखित सूचना देने के बाद भी सैलाना थाना पुलिस ने सामान्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की। आज दिनांक तक आरोपियों की पहचान नहीं हुई, ना ही किसी की गिरफ्तारी हुई। सुरक्षा संबंधी कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इस घटना से सर्व हिंदू समाज व संतो में रोष है। श्री आनंदगिरि जी पर और कोई घटना घटित नहीं हो इसलिए आश्रम की व आनंदगिरि जी की तत्काल उचित सुरक्षा व्यवस्था की जाए। आश्रम में आने वाले भक्तगणों की भी सुरक्षा की जाए।
श्री आनंदगिरि जी के आश्रम से लाखों भक्तगण जुड़े हैं। इनमें से कई मुस्लिम परिवार भी शामिल है। मुस्लिम परिवार के कई व्यक्तियों ने स्वेच्छा से हिन्दू पूजा पद्धति अपनाते हुए गुरुजी से गुरू दीक्षा प्राप्त की है। जो पूर्णत: शांतिपूर्ण एवं व्यक्तिगत आस्था पर आधारित है।
आनंदगिरि जी द्वारा सनातन व हिन्दू समाज के लिए कार्य किए जाते हैं। उससे कट्टरपंती मानसिकता वाले व्यक्तियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से उनके साथ गंभीर घटना घटित करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
अफसरों को मंच पर बुलाकर सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन देने के पहले सभी रैली निकाल कर कलेक्ट्रेट जाने वाले थे। लेकिन पुलिस व प्रशासन के अधिकारी कालिका माता मंदिर परिसर पहुंचे। मंच पर ही संतों ने अधिकारियों को बुलाया। एसडीएम अनिल भाना, एएसपी राकेश खाखा संतों के मंच पर पहुंचे, ज्ञापन लिया। एएसपी राकेश खाखा ने सुरक्षा बढ़ाने, आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। स्वयं आकर सुरक्षा व्यवस्था देखने की बात कही।
यह संत रहे मौजूद
दंडी स्वामी आत्मानंद जी सरस्वती श्रृंगेरी मठ, स्वामी श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर देवस्वरूपानंद महाराज, अखंड ज्ञान आश्रम, संस्कार ऋषि गुरुदेव दिनेश व्यास (घटवास), स्वामी योगेश नाथ महाराज (जेठाना कालिका माता मंदिर), स्वामी शिवानंद महाराज (सुजापुर), महंत राजराजेश्वरी मुनि पंचायती बड़ा अखाड़ा, स्वामी लक्ष्मण दास जी त्यागी जी महाराज, स्वामी प्रसाद गिरि महाराज जूना अखाड़ा, स्वामी सुजानानंद महाराज, स्वामी प्रभुतानंद महाराज, स्वामी चिदानंद महाराज, स्वामी ऋषि महाराज, महर्षि संजय शिवशंकर दवे (वैदिक जाग्रति ज्ञान विज्ञान पीठ), आचार्य हेमन्त व्यास, आचार्य संजय मिश्रा, आचार्य सौरभ दीक्षित, कवि दर्शन लोहार।
संतों की रक्षा के लिए सर्व हिंदू समाज का प्रदर्शन : आनंद गिरी जी महाराज के आश्रम में हुआ था हमला, अब तक नहीं पकड़े गए आरोपी
