खबर पक्की, 21 जुलाई, रतलाम। जिले के 18 किमी दूर धामनोद में सोमवार दोपहर 2 हजार लीटर पानी की टंकी गिरने से 6 साल के बच्चे की दबने से मौत हो गई। हादसे के समय बच्चा टंकी पर लगे नल से नहा रहा था। तभी टंकी का स्टैंड टूट गया और टंकी बच्चे पर आ गिरी, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बेटे का शव नगर परिषद ले जाकर आक्रोश जताया। इस दौरान एक घंटे तक हंगामा हुआ। जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
हादसा धामनोद के वार्ड क्रमांक 14 में साईं मंदिर क्षेत्र में हुआ है। इस क्षेत्र में प्लास्टिक की पानी की टंकी लोहे के स्टैंड पर लगी थी। स्टैंड पुराना होने के कारण जर्जर स्थिति में हो गया था। टंकी में लगे नल से उसी क्षेत्र में रहने वाला अर्पित (6) पिता राजकुमार तेवाड़ नहा रहा था। अचानक से टंकी बच्चे पर आ गिरी थी। आसपास के लोगों को जानकारी मिली तो सब दौड़े। 15 से 20 मिनट में टंकी को हटाया। इतनी देर में अर्पित की मौत हो गई।
नगर परिषद ले गए शव
परिजनों व क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद के जिम्मेदारों को मौके पर बुलाया। आधे से एक घंटे तक कोई नहीं आया। तब परिजन व क्षेत्रवासी बच्चे का शव लेकर नगर परिषद कार्यालय पहुंच गए। वहां ले जाकर शव रख दिया। मृतक के पिता राजकुमार तेवाड़ ने नगर परिषद के जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाया। पिता का कहना था कि दो साल पहले भी टंकी के स्टैंड खराब होने पर स्टैंड मजबूत करने की मांग की थी। लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। परिजन व ग्रामीण जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। इस दौरान जमकर एक घंटे तक हंगामा हुआ। सीएमओ पूजा गोयल, सैलाना थाना प्रभारी सुरेश गडरिया व अन्य पहुंचे। परिजनों को समझाया। शाम 4.30 बजे परिजन शव लेकर सैलाना अस्पताल पहुंचे।
दोषी पर करेंगे कार्रवाई- सीएमओ
धामनोद नगर परिषद सीएमओ पूजा गोयल ने बताया जांच समिति बनाकर घटना का कारण जाना जाएगा। जो भी दोषी पाया जाएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दो साल पहले शिकायत के बारे में जानकारी ली जा रही है।
पानी की टंकी गिरी, 6 वर्षीय बच्चे की दबकर मौत, धामनोद में जिम्मेदार नहीं आए तो शव लेकर नगर परिषद कार्यालय पहुंच गए परिजन
