खबर पक्की, 30 अप्रैल, आलोट। आलोट में लगातार दूसरे दिन तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बुधवार शाम 4 बजे के बाद मौसम अचानक बदला। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश करीब एक घंटे तक जारी रही। इस दौरान कई पेड़ उखड़ गए।
पाटन और धतुरिया गांव में शादी समारोहों के टेंट-पंडाल को भारी नुकसान पहुंचा। खेड़ापति हनुमान मंदिर में एक सम्मेलन के लिए लगाया गया टेंट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई जगह शादी का खाना भी बारिश की भेंट चढ़ गया।
कृषि उपज मंडी में व्यापारियों का खुले में रखा गेहूं भीग गया। इससे अनाज की गुणवत्ता और कीमत प्रभावित होने की आशंका है। किसानों के खेतों में रखा भूसा भी बारिश में भीग गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है। इससे किसान और व्यापारी चिंतित हैं।
दूसरे दिन तेज आंधी के साथ बारिश : शादी समारोह के पंडाल उखड़े, मंडी में गेहूं भीगा; लाखों के नुकसान का अनुमान
