खबर पक्की, 30 अप्रैल, रतलाम। जिले के रावटी में कार की टक्कर से घायल की मौत हो गई। शव को लेकर परिजन व ग्रामीणों ने बुधवार दोपहर रावटी थाने का घेराव कर दिया। परिजनों का कहना था कि टक्कर मारने वाले को सामने लाया जाए। राहत राशि दी जाए। थाने घेराव की सूचना मिलने पर सैलाना एसडीओपी समेत आसपास के थाना प्रभारी भी बल के साथ रावटी पहुंचे।
मृतक जीवन उर्फ जीवला मईड़ा अमरपुरा का निवासी थी। मंगलवार को रावटी से 4 किमी गांव नायन चौराहा पर पत्नी के साथ बाइक से जा रहे थे। तभी कार से टक्कर हो गई थी। घायल जीवन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पत्नी को भी चोट आईं। जहां से रात में ही रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बुधवार सुबह इलाज के दौरान जीवन की मौत हो गई। पीएम के बाद परिजन व ग्रामीण शव गांव अमरपुरा कला न ले जाते हुए दोपहर 4 बजे रावटी थाने पर लेकर आ गए। थाने के बाहर पिकअप में शव रख दो घंटे तक थाने का घेराव किया।
रावटी थाना प्रभारी दीपक मंडलोई ने सभी को समझाने की कोशिश की। लेकिन कोई मानने के लिए तैयार नहीं था। कार चालक को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मृतक शादी शुदा था। परिजन व ग्रामीण पत्नी के घर में अकेले होने पर राहत राशि की मांग कर रहे थे।
घेराव की जानकारी लगी, अधिकारी पहुंचे
घेराव की सूचना पर सैलाना एसडीएम नीलम बघेल, बाजना थाना प्रभारी रंजीत सिंगार, सैलाना थाना प्रभारी सुरेश गडरिया भी बल के साथ रावटी थाने पहुंचे। सभी ने अलग-अलग ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। डेढ़ से दो घंटे बाद सभी माने। उसके बाद शाम 5.30 बजे के बाद शव लेकर रवाना हुए।
रावटी थाना प्रभारी दीपक मंडलोई ने बताया कि परिजन टक्कर मारने वाले को बुलाने की मांग कर रह थे। उन्हें समझाया कि वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जो भी शासन से निर्धारित राहत राशि है वह मिलेगी। क्लेम करने पर राशि मिलेगी। इसके बाद ग्रामीण माने। चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। कार को जब्त कर लिया है।
कार हादसे में युवक घायल, इलाज के दौरान मौत : रतलाम में गुस्साए परिजनों ने थाना घेरा; शव को पिकअप वाहन में रखा
