• Wed. Oct 28th, 2026

युवा दिवस के उपलक्ष्य में 12 जनवरी को सामूहिक सूर्य नमस्कार आयोजन, कलेक्टर द्वारा आयोजन के संबंध में बैठक लेकर रूपरेखा तैयार की गई

BySurendra Jain

Jan 6, 2025

खबर पक्की, 6 जनवरी, रतलाम। स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में युवा दिवस पर आगामी 12 जनवरी को रतलाम जिले में भी सामूहिक सूर्य नमस्कार आयोजन होगा। सोमवार को आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री राजेश बाथम द्वारा सूर्य नमस्कार आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित जिला अधिकारी बैठक में मौजूद थे।
कलेक्टर ने बैठक में निर्देशित किया कि सामूहिक सूर्य नमस्कार आयोजन शासन की दिशा निर्देश अनुसार रतलाम जिले में गरिमामयी ढंग से आयोजित किया जाना है। आयोजन की रूपरेखा को गंभीरता से लेकर कार्य किया जाए। युवा दिवस पर 12 जनवरी को जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालय में शैक्षणिक संस्थान और पंचायत, आश्रम, शालाओं आदि स्थानों पर प्रात: 9:00 बजे से प्रात: 10:30 बजे तक सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन एक साथ एक संकेत पर किया जाएगा। आयोजन में कक्षा छठवीं से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थी तथा महाविद्यालयीन विद्यार्थी शामिल होंगे।
आयोजन के दौरान राष्ट्र गीत तथा मध्यप्रदेश गान होगा। रेडियो के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश प्रसारित किया जाएगा। कलेक्टर श्री बाथम ने निर्देश दिए कि जिले के सभी एसडीएम शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार अपने क्षेत्र में आयोजन करवाएं। बताया गया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम रतलाम के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सागोद रोड पर आयोजित होगा। जिला स्तर पर मुख्य कार्यक्रम आयोजन के लिए प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन, आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। सामूहिक सूर्य नमस्कार में प्रार्थना, मुद्रा, पाद हस्तासन, अश्व संचालनासन, पर्वतासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन किए जाएंगे।

You missed

error: Content is protected !!