खबर पक्की, 23 दिसंबर, रतलाम। बीजेपी और उनकी मातृ संस्था हमेशा से डॉ. अंबेडकर और संविधान विरोधी रही है। इन्होंने न सिर्फ संविधान के निर्माण के समय से ही विरोध किया, बल्कि इससे पहले डॉ. अंबेडकर को चुनाव हरवाया था। कांग्रेस डॉ. अंबेडकर के अपमान को लेकर देश के गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग पर अटल है। जब तक अमित शाह इस्तीफा नहीं देंगे, हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रखा जाएगा।
यह बातें सोमवार को प्रेस कान्फ्रेंस में रतलाम शहर कांग्रेस पदाधिकारियों ने कही। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, कांग्रेस नेता पारस सकलेचा ने कहा कि लोकसभा के शीतकालीन सत्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी द्वारा संविधान और संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का अपमान देश के संसदीय इतिहास में दर्ज हो गया है। बीजेपी हमेशा से लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के प्रति तिरस्कार दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ती।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि समता, समानता और न्याय के डॉ. अंबेडकर के आदर्शों पर चलने की सलाह बीजेपी को कतई रास नहीं आई। सत्ता पक्ष ने लगातार विपक्ष को बोलने से रोकने की कोशिश की। यही नहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डॉ. अंबेडकर का अपमान कर संघ और बीजेपी की मनुवादी मानसिकता उजागर कर दी। दुख की बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमित शाह को सीख देने के बजाय आरोप प्रत्यारोप की राजनीति तेज कर दी।
पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस समेत प्रतिपक्ष ने पीएम मोदी से अमित शाह के इस्तीफे की मांग की है। लेकिन मोदी सरकार डॉ. अंबेडकर के अपमान को अपराध मानने को तैयार नहीं है। उल्टे बीजेपी ने संसद की कार्रवाई ठप रखी। यही नहीं अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों के साथ धक्का मुक्की की गई। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को गिरा दिया गया। बीजेपी ने षडय़ंत्र के तहत नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करा दी, फिर भी हम डरने वाले नहीं हैं, हमारी लड़ाई जारी रहेगी। इस दौरान नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, यास्मीन शैरानी, कार्यवाहक अध्यक्ष फैयाज मंसूरी, उपनेता कमरूदीन कछवाय, ब्लॉक अध्यक्ष बसंत पंड्या, वीरेंद्र प्रताप सिंह, महामंत्री राजीव रावत, पार्षद नासिर कुरेशी, सलीम बागवान, शाकिर खान आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस का आरोप बीजेपी संविधान विरोधी : अमित शाह माफी मांगे, इस्तीफे की मांग का जारी रहेगा आंदोलन
