• Wed. Oct 28th, 2026

सदस्यों ने जिला पंचायत के मेन गेट पर जड़ा ताला : जिपं सीईओ के बैठक में समय पर नहीं पहुंचने का लगाया आरोप

BySurendra Jain

Dec 18, 2024

खबर पक्की, 18 दिसंबर, रतलाम। जिला पंचायत सदस्यों ने बुधवार को जिला पंचायत सीईओ श्रृंगार श्रीवास्तव के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में समय पर उपस्थित नहीं होने पर सदस्य आक्रोशित हो गए। उन्होंने बैठक का बहिष्कार किया और जिला पंचायत के मेन गेट पर ताला जड़कर सड़क पर बैठ गए। सदस्यों ने आरोप लगाया कि सीईओ हर बार बैठक में समय पर उपस्थित नहीं होते हैं। तीन बार पहले भी बैठक निरस्त हो चुकी है।
जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक करीब तीन महीने बाद बुधवार दोपहर सीईओ द्वारा बुलाई गई थी। बैठक दोपहर 12 बजे से शुरू होना थी। बैठक में शामिल होने जिपं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत सभी सदस्य समय पर पहुंच गए थे।
अतिरिक्त सीईओ निर्देशक शर्मा समेत सभी विभागों के अधिकारी भी आ गए, लेकिन डेढ़ घंटे बाद भी सीईओ श्रृंगार श्रीवास्तव बैठक में उपस्थित नहीं हुए। इससे सभी सदस्य नाराज हो गए और बैठक का बहिष्कार कर दिया। सदस्यों ने जिला पंचायत सीईओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला पंचायत के बाहर आकर गेट पर ताला लगा दिया।
6 महीने से सीईओ लापता हैं
आलोट विधायक प्रतिनिधि कालुसिंह परिहार ने आरोप लगाया कि बैठक सीईओ तय करते हैं, लेकिन वह खुद समय पर नहीं आते हैं। पहले तीन बार सीईओ द्वारा बैठक निरस्त की जा चुकी है। हम 100 किमी दूर से सभी सदस्य, महिला सदस्य आती हैं। यहां आते हैं तो पता चलता है कि सीईओ बाहर चले गए हैं या सीईओ बैठक में नहीं आएंगे।
पिछले 6 महीने से सीईओ जिला पंचायत से लापता हैं। हमने जिला पंचायत की व्यवस्था व सीईओ के खिलाफ बहिष्कार किया। 21 दिसंबर को सीएम रतलाम आ रहे हैं, उनसे मुलाकात कर सीईओ को हटाने की मांग की जाएगी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी सीईओ बैठक में मौजूद नहीं हुए। जिला पंचायत सदस्यों को वह किसी प्रकार से कोई रिस्पांस भी नहीं देते हैं, इसलिए बैठक का बहिष्कार किया।
तीसरी बार बैठक हुई स्थगित
सामान्य सभा की बैठक तीन महीने में करना अनिवार्य है। 13 अगस्त को बैठक हुई थी। उसके बाद 23 अक्टूबर को रखी गई थी, लेकिन वह भी निरस्त हो गई। इसके बाद 11 दिसंबर को रखी गई, लेकिन जनकल्याण शिविर के चलते बैठक स्थगित कर 18 दिसंबर को कर दी गई।
समय पर पहुंचा था- सीईओ
जिला पंचायत सीईओ श्रृंगार श्रीवास्तव ने बताया- मैं तो बैठक में सही समय 12 बजे मीटिंग हॉल में पहुंच गया था, तब कोई भी सदस्य नहीं पहुंचे थे। बैठक में देर हो रही थी। अध्यक्ष को सूचित कर नजदीक ही गुलाब चक्कर में कलेक्टर के निरीक्षण के समय ष्ठ्रञ्जष्टष्ट के सदस्य की हैसियत से उपस्थित हुआ था। संभवत: सदस्यों को सही जानकारी नहीं हो सकी होगी।

You missed

error: Content is protected !!