• Wed. Oct 28th, 2026

जनसुनवाई में 51आवेदनों पर निराकरण के निर्देश जारी किए गए

BySurendra Jain

Dec 18, 2024

खबर पक्की, 18 दिसंबर, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को जिला कलेक्टर सभा कक्ष में संपन्न हुई। कलेक्टर राजेश बाथम, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने जनसुनवाई करते हुए 51 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को जारी किए। जनसुनवाई में एसडीएम विवेक सोनकर, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्री राधा महंत भी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में गौशाला रोड रतलाम निवासी वृद्धा श्रीमती कमलेश शर्मा ने बेटे-बहु द्वारा प्रताडि़त एवं गाली गलौज करने संबंधी आवेदन दिया गया। कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को आवेदन प्रेषित किया गया। ग्राम पलाश गुर्जरपाड़ा निवासी कालूराम निनामा ने अपनी भूमि पर शासकीय योजना के तहत हुआ निर्माण स्वीकृति के बावजूद राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत की। सीईओ जिला पंचायत को निराकरण के निर्देश जारी किए गए। ग्राम रामपुरिया निवासी बाबू पिता पूंजा ने आवेदन में बताया कि एक्सप्रेस वे 8 लाइन में निर्माण के दौरान उसकी भूमि ली गई है उसको मुआवजा भी मिला परंतु उक्त राशि त्रुटिवश किसी अन्य के खाते में पहुंच गई वह व्यक्ति उसकी राशि वापस नहीं कर रहा है। आवेदन पर कलेक्टर की भूअर्जन शाखा को कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए गए।
तहसील जावरा के ग्राम रोला की जनजाति महिला जशोदाबाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने का आवेदन दिया जिस पर जिला पंचायत को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। हॉट पिपलिया निवासी दिव्यांग हिम्मतसिंह राजपूत ने बैटरी वाला रिक्शा उपलब्ध कराने का आवेदन दिया उसके लिए उपसंचालक सामाजिक न्याय को निर्देश जारी किए गए।

You missed

error: Content is protected !!