• Wed. Oct 28th, 2026

चेतन्य काश्यप फाउंडेशन एवं क्रीड़ा भारती का आयोजन, खेल चेतना मेला के पूर्व नेहरू स्टेडियम में तकनीकी कार्यशाला आयोजित, रजत जयंती वर्ष में होगा भव्य आयोजन

BySurendra Jain

Dec 18, 2024

खबर पक्की, 18 दिसंबर, रतलाम। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन एवं क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित 25वां खेल चेतना मेला के पूर्व नेहरू स्टेडियम में तकनीकी कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन सहित सभी 18 खेलों के संयोजक एवं उनकी टीम उपस्थित रही। इसका आयोजन उन स्कूल एवं खिलाडिय़ों के लिए किया गया था, जिन्हे खेलों के नियम या उससे जुड़ी अन्य कोई जानकारी की आवश्यकता थी, जिसे प्राप्त करने के लिए कई लोग मैदान पर पहुंचे और इसका लाभ लिया। कार्यशाला के दौरान क्रीड़ा भारती जिला अध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, सचिव अनुज शर्मा सहित समिति सदस्य भी उपस्थित रहे।
समिति सचिव श्री जैन ने बताया कि खेल चेतना मेला रजत जयंती वर्ष में भव्य स्वरूप में आयोजित होगा। इसका शुभारंभ 21 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। खेलों के इस महाकुंभ में 18 खेलों में 10000 से अधिक विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। आयोजन से पूर्व शहर के सभी खेल मैदानों के स्वरूप को निखारने का काम शुरू हो गया है। खेल चेतना मेला को लेकर अब तक करीब 100 स्कूलों की एंट्री प्राप्त हो चुकी है। शेष बचे स्कूलों की एंट्री भी आ रही है।
खेल चेतना मेला के तहत नेहरू स्टेडियम में क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस के मैच होंगे। शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय परिसर में एथलेटिक्स एवं हॉकी, कालिका माता सत्संग हॉल में शरीर सौष्ठव, संत कंवरराम नगर क्रीड़ा केंद्र पर योग, मलखंब एवं स्केटिंग होगी। रेलवे ग्राउंड पर फुटबॉल, डीआरएम ऑफिस रेलवे ऑफिसर क्लब पर तैराकी, सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट पर बास्केटबॉल, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन होगा। विधि महाविद्यालय में शतरंज और सेठिया ग्राफिक्स स्टेशन रोड पर शूटिंग की स्पर्धा होगी।

You missed

error: Content is protected !!