• Wed. Oct 28th, 2026

पंजाब पासिंग ट्रक में चायना की लहसुन बरामद : अफगानिस्तान का लगा है टैग, किसानों की सूचना पर पुलिस ने पकड़े लहसुन से भरे दो ट्रक

BySurendra Jain

Dec 18, 2024

खबर पक्की, 18 दिसंबर, रतलाम। पुलिस ने मंगलवार रात जावरा में पंजाब पासिंग ट्रक में चायना की लहसुन से भरे दो ट्रक पकड़े है। लहसुन को अच्छे से कैरेट में पैक कर अफगानिस्तान के टैग (पोस्टर) लगा रखे थे। किसानों की सूचना पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
किसानों को सूचना मिली थी कि मंदसौर की तरफ से चायना की लहसुन से भरे दो ट्रक जावरा की तरफ आ रहे है। किसानों ने एक-दूसरे को इस बारे में सूचना की। कुछ किसान ट्रक के पीछे भी लगे। किसानों ने इसकी सूचना जावरा औद्योगिक पुलिस थाना को दी। सूचना पर किसानों के साथ ट्रकों को जावरा-उज्जैन बायपास मार्ग पर रोका। ट्रक क्रमांक पीबी 02 डीटी 8928 और ट्रक क्रमांक पीबी 05 एएन 1521 को थाने पर लाया गया। बताया जा रहा है दोनों ट्रकों ने नयागांव टोल से क्रास होकर एमपी की सीमा में प्रवेश किया था।
सूचना पर जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़ समेत अन्य किसान जावरा थाने पहुंचे। किसानों ने अनुसार ट्रकों में चायना की ही लहसुन है। जो कि भारत में प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नेपाल के रास्ते भारत में चायना की लहसुन आ रही है।
इधर पुलिस ट्रक चालकों से पूछताछ कर रही है कि वह लहसुन कहां से लेकर आए और कहां लेकर जा रहे है। पुलिस की कार्रवाई देर रात तक चलती रही।
काबूल अफगानिस्तान का टैग लगा
जब किसानों ने ट्रक का त्रिपाल खुलवाकर चैक किया। तब लहसुन कैरेट में पूरी तरह से पैक थी। सभी कैरेट पर मोहम्मद आसिफ अफगान फ्रूट एंड वेजिटेबल प्रोसेसिंग कंपनी मार्केट काबुल अफगानिस्तान का टैग लगा हुआ था। इसके साथ ही एक तरफ अफगान फ्रेश गारलिक भी लिखा था।
मंडी अधिकारियों को बुलाया
पुलिस ने जावरा कृषि उपजमंडी के अधिकारियों को भी बुलाया। जावरा कृषि उपज मंडी सचिव रामवीर किरार, मंडी इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम भावसार भी पहुंचे। मंडी अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया लहसुन चायना की होना बताया। औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया लहसुन से भरे ट्रक को पकड़कर थाने पर खड़ा कराया है। मामला कृषि उपज मंडी से संबंधित हैं। मंडी के अधिकारियों को इस बारे में जानकारी दी है। उनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You missed

error: Content is protected !!