• Wed. Oct 28th, 2026

पानी टंकी में मिले जुड़वा भाई-बहन के शव, मां बेहोश

BySurendra Jain

Nov 20, 2024

खबर पक्की, 20 नवंबर, रतलाम। रतलाम में बुधवार दोपहर चार महीने के जुड़वा भाई-बहन की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। परिजन ने शव निकालकर पुलिस को सूचना दिए बगैर दफना भी दिया। जानकारी लगने पर पुलिस घर पहुंची। बच्चों के पिता का कहना है कि पत्नी की दिमागी हालत ठीक नहीं है। घटना माणक चौक थाना क्षेत्र की मदीना कॉलोनी की है।
यहां किराए से रहने वाले आमिर कुरैशी की चार माह की बेटी फातिमा और बेटे हसन के शव पानी की टंकी में मिले। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय आमिर घर पर नहीं था। वह अपनी बड़ी बेटी के साथ घर के पास किसी की गमी में गया था।दोपहर दो बजे आमिर की पत्नी पम्मी उर्फ मुस्कान ने उसे फोन कर बताया कि दोनों बच्चे पानी में डूब गए हैं।
इसके बाद आमिर अपने दोस्त बिलाल को लेकर घर पहुंचा, तो पत्नी पम्मी बेहोश मिली। दोनों बच्चे घर की पहली मंजिल पर कमरे के पास रखी पानी की टंकी में मिले। वह दोनों के शव निकालकर पुलिस को सूचना दिए बगैर अपने पिता के घर कुरैशी मंडी शैरानीपुरा लेकर गया। इसके बाद दोनों को वहीं के कब्रिस्तान में दफना दिया।
पुलिस को शाम को मिली घटना की सूचना
घटना की जानकारी शाम करीब 5.30 बजे माणक चौक पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस बच्चों के पिता को अपने साथ थाने ले आई। पूछताछ में उसने अपनी पत्नी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं होने की बात कही। हालांकि बच्चे पानी की टंकी में कैसे पहुंचे, इसको लेकर पिता का कहना था कि दोनों बच्चे पत्नी की गोद में थे।
पहले एक पानी की टंकी में गिरा तो उसे निकालने के चक्कर में दूसरा बच्चा भी पानी की टंकी में गिर गया। इसके बाद पत्नी पम्मी बेहोश हो गई। कुछ देर में होश आया तो मुझे फोन कर बताया कि बच्चे पानी की टंकी में गिर गए हैं। पिता से बच्चों की हत्या करने के बारे में पूछा तो उसने इनकार कर दिया।
पिता ने कहा- पुलिस को सूचना नहीं देना गलती
आमिर कुरैशी मूलत: कुरैशी शैरानीपुरा का रहने वाला है। पिछले 2 साल से वह मदिना मस्जिद के पीछे मदिना कॉलोनी में रह रहा है। लहसुन मंडी में वह उपज खरीदी-ब्रिकी का काम करता है। एक बड़ी बेटी 4 साल की है। आमिर ने बताया कि पत्नी दोनों बच्चों को गोद में लेकर छत पर खड़ी थी। पास में पानी का ड्रम था। उसमें एक बच्चा गिरा तो उसे पकडऩे की कोशिश की। इसी बीच दूसरा बच्चा भी गिर गया। 10-15 दिन से उसका दिमाग सही नहीं है। बच्चे गिरने के बाद वह बेहोश हो गई। कुछ देर में होश में आने पर मुझे फोन लगाया। पुलिस को सूचना नहीं देकर मैंने गलती की है। हत्या नहीं की है।
कब्र से निकलवाए जाएंगे बच्चों के शव
बच्चों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस हर एंगल पर जांच करेगी। गुरुवार को कब्र से बच्चों के शव निकाले जाएंगे। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि पानी की टंकी में बच्चों के डूबने से मौत की बात सामने आई है। पुलिस को सूचना नहीं दी गई। मामले को संदिग्ध मानते हुए सारे एंगल पर जांच की जाएगी। शवों को कब्र से निकाला जाएगा। फिलहाल मर्ग कायम किया है।

You missed

error: Content is protected !!