• Wed. Oct 28th, 2026

थाने में कॉन्स्टेबल की गोद भराई, टीआई ने निभाई रस्में, डीजे पर नाचे साथी पुलिसकर्मी

BySurendra Jain

Nov 20, 2024

खबर पक्की, 20 नवंबर, रतलाम। डीडी नगर थाने का नजारा बुधवार को बदला हुआ था। परिसर में बना हॉल गुब्बारों से सजा था। ऐसा लग रहा था जैसे किसी के घर में कोई शगुन कार्यक्रम हो। साड़ी पहने एक महिला के पैरों पर कुछ महिला सिपाही आलता लगाती दिखीं। दरअसल, यहां कॉन्स्टेबल शानू जमरा की गोद भराई की रस्में अदा की जा रहीं थी।
शानू के पिता की भूमिका टीआई रविंद्र दंडोतिया ने निभाई तो पूरा स्टाफ परिवार के सदस्य के रूप में शामिल हुआ। इस दौरान सभी लोग डीजे पर जमकर थिरके। शानू धार जिले के गंधवानी तहसील की रहने वाली हैं। उनका ससुराल मनावर के उमरवन में है। 2012 में उनके पिता का निधन हो गया था।
परिवार में मां दितली बाई, भाई जितेंद्र जमरा हैं। ससुराल में सास-ससुर हैं, जो दूर रहते हैं। पति मोहन धारवे रतलाम ट्रैफिक थाने में पदस्थ हैं। लेकिन जावरा में ड्यूटी पर होने के चलते वह भी गोद भराई में शामिल नहीं हो पाए। परिवार की तरफ से केवल जेठ सुभाष धारवे शामिल हुए।
गोद भराई की रस्म अदायगी के दौरान थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया समेत पूरा स्टाफ मौजूद रहा। खाना-पीना भी हुआ। शानू ने बताया कि परिवार के सदस्य दूर थे। पति भी ड्यूटी पर थे। टीआई सर ने पिता की तरह सारी रस्में निभाईं। बहुत खुशी हुई। आज तक थाने पर नहीं सुना था कि ऐसा होता है, लेकिन पूरे स्टाफ ने मेरे बारे में सोचा।
एएसपी राकेश खाखा ने कहा कि पुलिस एक परिवार की तरह है। एक नवाचार के रूप में यह पहल की गई है। सभी को इसी तरह के आयोजन से जोडऩा है।

You missed

error: Content is protected !!