खबर पक्की, 11 नवंबर, रतलाम। जावरा फाटक से सेजावता तक बन रहे फोरलेन में बाधक अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई दूसरे दिन सोमवार सुबह से लेकर देर शाम तक चलती रही। अतिक्रमण में दरगाह समेत दरगाह से जुड़ी लाइन में कुछ मकान व दुकानें भी थी जिन्हें पोकलेन से ध्वस्त कर दिया। रात में भी कार्रवाई जारी रहेगी।
बता दें कि रतलाम के जावरा फाटक से लेकर सेजावता तक 4.12 किमी लंबा फोरलेन बनाया जा रहा है। बीच-बीच में कुछ जगह रोड बन गई है। लेकिन रतलाम के जावरा फाटक के आगे बीच रोड में पहलवान साहब की दरगाह व मंदिर का कुछ हिस्सा आ रहा था। जिसे रविवार को प्रशासनिक अमले ने जेसीबी व पोकलेन मशीन चला कर हटा दिया था। दरगाह के आसपास तार फेसिंग, प्याऊ व एक मकान भी था। जिसे भी पूरी तरह से प्रशासन ने सोमवार शाम तक हटा दिया है। इसी लाइन से जुड़ी दुकानों व कुछ मकानों को भी हटा दिया है। दूसरे दिन भी कार्रवाई के दौरान प्रशासन व पुलिस का अमला मौजूद रहा।
सहमति से हटाया जा रहा
फोरलेन के बीच आ रही दरगाह के हिस्से को हटाने के लिए शनिवार को प्रशासन के साथ शहर काजी अहमद अली, दरगाह कमेटी व मुस्लिम समाजजनों की बैठक हुई थी। बैठक में सहमति के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक फोरलेन निर्माण के लिए 21 मीटर जगह चाहिए। दरगाह के पास में साढ़े 14 मीटर से लेकर 16 मीटर तक ही जगह मिल रही है। बाकी की जगह पर अतिक्रमण था।
दूसरे दिन भी चली पोकलेन, जेसीबी : फोरलेन निर्माण में बाधक अतिक्रमण को हटाया, मकान-दुकानों को किया ध्वस्त
