• Wed. Oct 28th, 2026

दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग : बहू के साथ जा रही सास के गले से झपटी सोने की चेन, सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध

BySurendra Jain

Nov 9, 2024

खबर पक्की, 9 नवंबर, रतलाम। शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की घटना हो गई। वृद्धा अपनी बहू के साथ जा रही थी, उसी समय बाइक से दो बदमाश आए, गले पर झपटा मारा और चेन लूटकर फरार हो गए। बहू ने पीछा भी किया, लेकिन बदमाश भाग गए।
घटना शहर के माणकचौक थाना अंतर्गत बोहरा बावड़ी गली मोहन टॉकिज क्षेत्र की है। अंगुरबाला (66) पति विनोदकुमार गादिया निवासी घांस बाजार अपनी बहू प्रियंका गादिया के साथ परिचित के घर से मिलकर अपने घर पैदल जा रही थी। दोपहर 1.15 मिनट पर बाइक पर दो बदमाश अचानक से पास में आए। अंगूरबाला के गले में झपटा मार सोने की चेन लूट कर फरार हो गए। लूटी गई चेन करीब 20 ग्राम की है। चेन स्नेचिंग की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई।
एएसपी भी मौके पर पहुंचे
एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी, माणकचौक थाना प्रभारी सुरेश गडरिया, सायबर सेल प्रभारी मनमोहन शर्मा, सीसीटीवी कंट्रोल रूम प्रभारी राजाराम तिवारी समेत पुलिस अमला क्षेत्र में पहुंचा। जिस जगह घटना हुई उस जगह से लेकर रास्ते में जहां-जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उनके फुटेज चेक किए। एक-एक गली में जाकर पूछताछ की।
बहू प्रियंका ने बताया कि मम्मी जी के साथ बात करते जा रही थी। तभी दो लड़के बाइक से आए। एक सेकेंड में ही गले में झपटा मार चेन ले उड़े, पीछा भी किया। लेकिन वह बाइक पर होने के कारण भाग गए।
टोपी पहना बैठा था बदमाश
एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश बाइक से आराम से जाते हुए कैद हुए हैं। बाइक पर पीछे बैठा बदमाश ने टोपी पहन रखी थी। संदिग्ध मानकर इनकी तलाश में पुलिस जुट गई है। वहीं, एएसपी राकेश खाखा ने बताया चेन स्नेचिंग की घटना हुई है। पुलिस टीम जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज चैक किए जा रहे है। शीघ्र ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

You missed

error: Content is protected !!