खबर पक्की, 15 अक्टूबर, रतलाम। शहर में एक पुलिसकर्मी द्वारा युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आरोपित पुलिसकर्मी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मामले में त्वरित एक्शन लेते हुए एसपी अमित कुमार द्वारा आरक्षक को निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपित आरक्षक का नाम दुर्गेश जाट है और वह वर्तमान में माणक चौक थाने पर पदस्थ है। छेड़छाड़ का मामला 13 अक्टूबर की शाम का है। आरोप है कि 21 वर्षीय पीडि़ता कार्य से घर लौट रही थी, इस दौरान जब वह साक्षी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए रुकी तो वहां मौजूद आरोपित पुलिसकर्मी दुर्गेश ने अभद्र टिप्पणियां कीं। इसके बाद, जब युवती सब्जी लेने निकली, तो दुर्गेश ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। घर लौटने पर भी आरोपी युवती के घर तक पहुंच गया। जब पीडि़ता ने अपने भाई को इस बारे में बताया, तो भाई ने आरोपी को ललकारा, जिस पर पुलिसकर्मी अपनी बाइक छोड़कर भाग गया।
थाने में शिकायत, प्रकरण दर्ज
पीडि़ता और उसका भाई शिकायत करने औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचे, तो वहां पहले से ही आरोपी पुलिसकर्मी मौजूद था। थाने में ही उसने पीडि़ता और उसके भाई को धमकियां दीं। पीडि़ता और उसके भाई को करीब चार घंटे तक थाने में बैठाए रखा गया। बाद में महिला थाना प्रभारी की उपस्थिति में पीडि़ता के बयान दर्ज किए गए और छेड़छाड़ की एफआईआर दर्ज हुई।
एसपी का एक्शन, निलंबन की कार्रवाई
एसपी अमित कुमार ने घटना की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी पुलिसकर्मी दुर्गेश जाट को रात में ही लाइन अटैच कर दिया गया। एसपी के अनुसार आरोपी पुलिसकर्मी के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच भी की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा की पीडि़ता को न्याय मिले।
पुलिसकर्मी द्वारा युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला, औद्योगिक क्षेत्र थाने में आरक्षक के खिलाफ प्रकरण दर्ज, एसपी द्वारा निलंबन की कार्रवाई
