• Wed. Oct 28th, 2026

रावटी में हुए पीएचई चौकीदार के अन्धेकत्ल का चौबीस घण्टों के भीतर खुलासा, साथी चौकीदार ही निकला हत्यारा, हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार

BySurendra Jain

Sep 24, 2024

खबर पक्की, 24 सितंबर, रतलाम। जिले के रावटी थाना क्षेत्र में पीएचई सम्पवेल के चौकीदार की हत्या के मामले को पुलिस ने चौबीस घण्टों के भीतर सुलझा लिया है। मृतक बाला भाभर की हत्या उसी के साथी चौकीदार ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने तीनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पुलिस कंट्रोल रुम पर आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस को मिली इस सफलता की जानकारी दी। एसपी के मुताबिक 22 सितम्बर को रावटी थाने में बाला पिता बाबूलाल भाभर 40 नि. कुवरपाडा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के सम्बन्ध में मर्ग कायम किया गया था। मृतक बाला भाभर के पोस्टमार्टम से यह स्पष्ट हुआ था कि उसी मृत्यु सिर व पेट पर किसी कठोर वस्तु से आई चोटों के कारण हुई थी। इन तथ्यों के आधार पर रावटी पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
एसपी अमित कुमार ने हत्या के इस प्रकरण को सुलझाने के लिए एएसपी राकेश खाखा और एसडीओपी सुश्री नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना रावटी,सायबर सेल और सीसीटीवी शाखा की एक संयुक्त टीम गठित की थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों,मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों को जुटाकर तीन संदेहियों अर्जुन पिता बापू गरवाल निवासी कुडी का टापरा,वीरेन्द्र उर्फ वीरु पिता मदनलाल नि.माला की बीड, और प्रभु पिता रामा खडिया नि.मलवासी को राउण्ड अप किया। इनसे जब पूछताछ की गई तो हत्या की सारी कहानी सामने आ गई।
एसपी अमित कुमार के मुताबिक मृतक बाला भाभर और आरोपी प्रभू खडिया दोनो ही पीएचई सम्पवेल पर चौकीदार के रुप में नियुक्त थे और शिफ्ट में ड्यूटी करते थे। घटना वाली रात मृतक बाला भाभर की शिफ्ट रात ग्यारह बजे से थी,लेकिन वह दो घण्टे पहले ही सम्पवेल पर पंहुच गया था। सम्पवेल पर प्रभू खडिया अर्जुन और वीरेन्द्र के साथ कमरे में बैठकर शराब पी रहा था। मृतक बाला ने उन्हे शराब पीने से मना किया और कमरे से बाहर कर दिया। इसी बात से क्रोधित होकर तीनो आरोपियों ने मृतक बाला के साथ जमकर मारपीट की और लाठी से उसके सिर और पेट में वार किए,जिससे उसकी मौत हो गई। रावटी पुलिस ने तीनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हे न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमाण्ड लिया जाएगा,ताकि उनसे विस्तृत पूछताछ की जा सके।

You missed

error: Content is protected !!