खबर पक्की, 21 सितंबर, रतलाम। डोसीगांव स्थित पीएम आवास मल्टी की तीसरी मंजिल से गिरने से एक युवक की मौत हो गई। जिस ऊंचाई से नीचे गिरा है उसकी हाइट 35 फीट है। घटना के समय घर में केवल उसकी पत्नी थी।
महू-नीमच रोड से लगी प्रधानमंत्री आवास मल्टी (बिल्डिंग) ए ब्लॉक की तीसरी मंजिल पर मकान नंबर टी-3 में रहने वाले दिलीप सोलंकी (38) पिता लक्ष्मीनारायण सोलंकी पत्नी अन्नू सोलंकी के साथ घर पर थे। शुक्रवार रात करीब 12 बजे वह गैलरी में गए, और अचानक नीचे गिर गए।
पत्नी के शोर मचाने पर बिल्डिंग के लोग जागे। तुरंत नीचे पहुंचे। घायल अवस्था में रात 12.30 बजे तक मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पड़ोसी बोले- शोर सुन कर नीचे गए
पड़ोसी सोहन परमार और पवन ने बताया कि रात को हम सब अपने घर में थे। रात 12 बजे दिलीप सोलंकी के चिल्लाने की आवाज आई। जाकर देखा तो दिलीप फर्श पर पड़े नजर आए। हम सब तुरंत नीचे पहुंचे, और मेडिकल कॉलेज लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के समय घर में पत्नी अन्नू और दिलीप ही थे।
पड़ोसियों ने आशंका जताई है कि गुटखा खाकर थूकने के दौरान पैर फिसलने से गिरे होगे। स्पष्ट जानकारी उनकी पत्नी ही बता सकती है। पड़ोसियों ने बताया दिलीप का अच्छा व्यवहार था।
ढाई फीट की गैलरी
जिस गैलरी से दिलीप की गिरने से मौत हुई है। उस गैलरी की दीवार ढाई फीट है। सुरक्षा को लेकर कोई जाली नहीं थी। केवल मच्छर जाली लगा रखी थी। पड़ोसियों की माने तो जब बिल्डिंग में फ्लैट खरीदे तो हमने हमारे मकानों पर स्वयं लोहे की जाली लगा कर पैक किया।
मृतक के तीन बच्चे
दिलीप के माता-पिता और 3 बच्चे हैं। बच्चे रतलाम के स्टेशन रोड मनोहर गली में दादा लक्ष्मीनारायण सोलंकी के साथ रहते हैं। बड़े बेटे का नाम सूरज सोलंकी (22) है। बेटी लक्ष्मी और सरस्वती (18) दोनों जुड़वा है। घटना कैसे हुई अभी इस बारे में परिजन ज्यादा कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है। मृतक समेत तीन भाई हैं। बड़े भाई का नाम योगेश है। दूसरे नंबर पर मृतक दिलीप था। सबसे छोटा भाई रवि है।
मृतक के भाई रवि सोलंकी ने बताया कि मल्टी में भैया और भाभी रहते हैं। बच्चे दादा-दादी व हमारे साथ रहते है। रात 12.10 बजे सूचना मिली। हम सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंचे। आसपास वाले लेकर आए तब तक सांस चल रही थी। मेडिकल कॉलेज लाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
भाई ने जताई शंका
भाई रवि ने अपने बड़े बाई दिलीप की इस तरह हुई मौत को लेकर शंका भी जताई है। भाई का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की जांच करें। भाई के अनुसार रात में भैया खाना खा रहे थे। घर में सब्जी भी जमीन पर गिरी हुई थी। कुछ तो हुआ होगा।
जांच कर रहे
थाना औद्योगिक क्षेत्र के एएसआई गिरधारी परमार ने बताया कि घर में पति पत्नी ही थे। रात में खाना खा रहे थे। गैलरी में अन बैलेंस होने के कारण नीचे गिरने से मौत हुई है। गैलरी में पानी भी था। प्रारंभिक जांच में पैर फिसलने से वह मल्टी से 35 फीट नीचे गिरा है। मर्ग कायम किया है। जांच की जा रही है।
35 फीट ऊंची बिल्डिंग से गिरा युवक, मौत:रतलाम में पीएम आवास मल्टी की घटना; गैलरी से फिसलने की आशंका
