खबर पक्की, 5 सितंबर, रतलाम। पावर हाउस रोड स्थित लहसुन प्याज मंडी में बुधवार दोपहर व्यापारियों में विवाद हो गया। विवाद का कारण लहसुन के ढेर पर पैर लगना था। एक व्यापारी के बेटे ने दूसरे व्यापारी के साथ मारपीट की। बुधवार रात 11.30 बजे व्यापारियों ने स्टेशन रोड थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने वर्ग विशेष व्यापारी के बेटे पर केस दर्ज किया। व्यापारियों ने मंडी में बिक रहे अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम पर भी रोक लगाने की मांग की।
पैर लहसुन के ढेर पर लगा
बता दें कि बुधवार लहसुन की नीलामी के दौरान दोपहर करीब 2.15 बजे व्यापारी आबीद खान निवासी शैरानीपुरा का लहसुन के ढेर लगा था। ढेर के पास से मंडी व्यापारी महेश (57) पिता मोतीलाल मेहता का वहां से निकलना हुआ। इनका पैर लहसुन के ढेर पर लग गया। तब आबीद खान ने बोला कि लहसुन पर पांव मत रखो।
गर्दन पकड़कर मारपीट करने लगा बेटा
व्यापारी मेहता ने कहा कि कई बार नीलामी के दौरान लहसुन पर पांव लगता ही है। तभी वहां पर आबीद का लड़का आतिफ आ गया। उसने गर्दन पकड़ ली और गाली गलौच कर मारपीट करने लगा। इस दौरान भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर संघर्षशील लहसुन प्याज मंडी अध्यक्ष निलेश बाफना, रितेश बाफना, पंकज अग्रवाल, पुनित शर्मा, प्रदीप शर्मा बीच बचाव किया। आतिफ खान जाते हुए जान से मारने की धमकी देकर मंडी से चला गया। मौजूद व्यापारियों ने नीलामी रोककर मंडी प्रभारी को घटना से अवगत कराया।
व्यापारी रात में स्टेशन रोड थाने पहुंचे
व्यापारी के बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर व्यापारी रात में स्टेशन रोड थाने पहुंचे। पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने व्यापारी महेश मेहता की रिपोर्ट पर रात 12 बजे के करीब आतिफ खान पिता आबीद खान निवासी शेरानीपुरा के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2) में केस दर्ज किया।
मंडी में विवाद, रात में थाने पहुंचे व्यापारी : लहसुन के ढेर पर पांव लगने पर की मारपीट, पुलिस ने व्यापारी के बेटे पर केस दर्ज किया
