• Wed. Oct 28th, 2026

कलेक्टर ने आरटीओ को बगैर परमिट बसो के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए, सड़कों पर विचरण करने वाले पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने हेतु भी निगम आयुक्त को निर्देशित किया, रोड सेफ्टी समिति की बैठक संपन्न हुई

BySurendra Jain

Sep 5, 2024

खबर पक्की, 5 सितंबर, रतलाम। रोड सेफ्टी समिति की बैठक कलेक्टर सभा कक्ष में गुरुवार को संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर राजेश बाथम ने जिला परिवहन अधिकारी श्री दीपक माझी को निर्देशित किया कि जिले में बगैर परमिट चलने वाली बसों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इसके लिए अभियान संचालित करें साथ ही निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट को निर्देशित किया कि शहर में बढ़ती हुई पशु विचरण की समस्या के दृष्टिगत पशुओं को पकड़ कर गौशालाओं में भेजने के लिए मुहिम संचालित की जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा, अपर कलेक्टर आर एस मंडलोई, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग अनुराग सिंह, एसडीएम अनिल भाना, एमपीआरडीसी के एसडीओ अतुल मूले, एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक राहुल पाटीदार, निगम के कार्यपालन यंत्री जी के जायसवाल आदि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री बाथम ने जिले में सड़कों पर ब्लैक स्पॉट निवारण की समीक्षा की सात रूंडा पर ब्लैक स्पॉट समस्या के निराकरण हेतु विभाग का कार्य ठीक से नहीं होने के कारण कलेक्टर ने निर्देशित किया गया कि तकनीकी सलाह के अनुसार रंबल स्ट्रिप की संख्या बढ़ाई जाए, जो कम संख्या में एक निश्चित अनुपातिक दूरी पर छोटे आकार में होंगे। जावरा में ब्लैक स्पॉट के संबंध में बताया गया कि वहां फ्लाईओवर निर्माण से ही निराकरण हो सकेगा। कलेक्टर द्वारा शासन को प्रस्ताव भेजने के लिए निर्देशित किया गया, इसी प्रकार इप्का फैक्ट्री के सामने भी रंबल स्ट्रिप बनाने के निर्देश दिए गए। जावरा के भीमा खेड़ी फंटा पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने एक्सप्रेसवे पर पत्थर बाजी की घटना के दृष्टिगत एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक श्री पाटीदार को निर्देशित किया कि लोकेशन पर जालियां लगवा कर रोकथाम की जाए, इसी प्रकार महू नीमच हाइवे पर कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा अवैध रूप से कट बना लिए गए हैं जिनके माध्यम से आवागमन करते हैं इस पर सख्त कार्रवाई के लिए कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया।
कान्वेंट स्कूल के सामने बच्चों के आगमन तथा स्कूल से प्रस्थान के समय वाहन तथा लोगों के एकत्रीकरण के कारण यातायात अवरुद्ध होने पर चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री लोढ़ा ने निर्देशित किया कि स्कूल के प्राचार्य को नोटिस जारी किया जाए, इसके पश्चात आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा गर्ल्स डिग्री कॉलेज के पीछे के गेट पर अतिक्रमण पर भी चर्चा करते हुए उसे हटाने के लिए बैठक में कार्य योजना तैयार की गई। शहर में बगैर परमिट चलने वाले मैजिक वाहनों की विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश परिवहन अधिकारी को दिए गए। परिवाहन अधिकारी ने बताया कि मैजिक वाहनों में पैनिक बटन लगाए जाने हैं।
मेडिकल कॉलेज के सामने अतिक्रमण तथा यातायात अवरुद्धता के निवारण हेतु भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़कों पर दुर्घटनाओं के संदर्भ में लोक निर्माण विभाग को 3 वर्षों का डाटा उपलब्ध किया जाएगा। जिसके आधार पर सड़कों के ब्लैक स्पॉट एवं समस्याओं के निराकरण हेतु विभाग कार्रवाई करेगा। कलेक्टर बाथम ने रतलाम शहर तथा महू नीमच हाइवे पर डिवाइडर के रंग रोगन एवं मरम्मत के लिए निर्देशित किया।
कलेक्टर तथा एसपी ने शहर में यातायात सुधार हेतु निरीक्षण किया
बैठक के पश्चात कलेक्टर राजेश बाथम तथा पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने रतलाम शहर में भ्रमण करते हुए विभिन्न स्थानो का निरीक्षण किया। अधिकारी चांदनी चौक पहुंचे जहां आजाद चौक के मध्य मल्टीलेयर पार्किंग बनाने हेतु निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात राम मंदिर क्षेत्र में यातायात सुधार के लिए अधिकारियों ने निरीक्षण करते हुए नागरिकों से चर्चा भी की। मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे जहां अतिक्रमण तथा यातायात सुधार के लिए स्पॉट निरीक्षण किया गया। इसके अलावा हाथी खाना क्षेत्र में भी निरीक्षण किया गया।

You missed

error: Content is protected !!