• Wed. Oct 28th, 2026

टीचर ने काटी छात्रा की चोटी, बच्ची रोती रही:वीडियो बनाने वाले से कहा- जो करना है कर लेना, कलेक्टर बोले- एफआईआर होगी

BySurendra Jain

Sep 5, 2024

खबर पक्की, 5 सितंबर, रतलाम। एक टीचर ने कैंची से छात्रा की चोटी काट दी। वह नशे में स्कूल पहुंचा था। इस दौरान छात्रा रोते हुए खड़ी रही। स्कूल में शोर सुनकर पास ही मौजूद शख्स वहां पहुंचा और इस पर आपत्ति जताई। टीचर ने जवाब में कहा -जो करना है कर लेना।
मामला रावटी के प्राइमरी स्कूल सेमलखेड़ी-2 में बुधवार का है। शख्स ने वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। यह गुरुवार को सामने आया है। शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी सहायक शिक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है।
कलेक्टर राजेश बाथम ने कहा, शिक्षक का आचरण मर्यादाहीन और पद की गरिमा के खिलाफ है। उसके खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
हाथ में कैंची लिए दिखा टीचर
वीडियो में दिख रहा है कि टीचर वीर सिंह मईड़ा के हाथ में कैंची है। पास ही 5वीं की एक छात्रा खड़ी है। वह लगातार रोए जा रही है। फर्श पर कटी हुई चोटी पड़ी है। पास ही एक और छात्र भी खड़ा है। वीडियो बनाने वाला शख्स जब इस हरकत पर आपत्ति जताता है, तो टीचर बच्चों के सामने ही अपशब्द कहते हुए कहता है- जो भी करना हो कर लेना।
टीचर ने कहा- कोई कुछ नहीं कर सकता
स्कूल के पास रहने वाले गौतम ने बताया, ‘उस वक्त मैं घर पर था। अचानक स्कूल के 5-6 बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनी। आकर देखा, तो टीचर वीर सिंह कैंची से बच्ची के बाल काट रहे थे। उनसे पूछा तो उन्होंने कहा- ये लोग पढ़ाई नहीं करते हैं। मैं मोबाइल से वीडियो बनाने लगा, तो सर ने कहा कि वीडियो बनाना है, बना ले। कोई कुछ नहीं कर सकता।Ó
पीडि़त छात्रा ने दिखाई अपनी कटी हुई चोटी
कलेक्टर राजेश बाथम ने मामला सामने आने के बाद सहायक आयुक्त (आदिम जाति) रंजना सिंह को जांच के आदेश दिए थे। गुरुवार को आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारी जांच के लिए पहुंचे। उन्होंने बच्ची के बयान भी लिए। इस दौरान पीडि़त बच्ची ने अफसरों को अपनी कटी हुई चोटी भी दिखाई।

You missed

error: Content is protected !!