• Thu. Oct 29th, 2026

‘डिजिटल इंडियाÓ पहल को बढ़ावा : रतलाम मंडल के सभी स्टेशनों पर क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान की सुविधा, इसकी शुरुआत के बाद से 20 अगस्त, 2024 तक 20.23 लाख रुपये से अधिक के डिजिटल भुगतान दर्ज किए गए

BySurendra Jain

Aug 21, 2024

खबर पक्की, 21 अगस्त, रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल डिजिटल भुगतान की विधियों का उपयोग करके कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा देने और अपने यात्रियों के लिए सुचारू और अधिक कुशल सेवा सुनिश्चित करने का निरंतर प्रयास कर रही है। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए रतलाम मंडल में निर्बाध ऑनलाइन भुगतान विकल्पों की सुविधा के लिए 88 लोकेशनों पर 113 डायनेमिक क्यूआर कोड डिवाइस लगाए गए हैं। क्यूआर कोड डिवाइस से लेनदेन 07 अगस्त, 2024 से शुरू हुआ और इससे 20 अगस्त, 2024 तक लगभग 22.57 हजार यात्रियों को 11.70 हजार से अधिक टिकट जारी किए गए हैं, जिसमें 20.23 लाख से अधिक डिजिटल भुगतान दर्ज किए गए हैं। रतलाम मंडल के रतलाम, उज्जैन, इंदौर, देवास, सीहोर, शुजालपुर, चित्तौडग़ढ़, नीमच, मंदसौर, जावरा, डॉ. अम्बेडकर नगर, बडऩगर, नागदा, खाचरोद सहित मंडल के कुल 88 स्टेशनों पर यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा चुकी है तथा शेष स्टेशनों पर इंस्टॉलेशन कार्य प्रगति पर है।
रतलाम मंडल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, क्यूआर कोड डिवाइस को स्क्रीन पर लागू राशि प्रदर्शित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे यात्री भुगतान के विभिन्न ऑनलाइन मोड और एप्लिकेशन के माध्यम से अपने टिकट की राशि का भुगतान कर सकें। इस नए प्रयास से लेनदेन की प्रक्रिया में तेजी आने, प्रतीक्षा समय कम होने और समग्र ग्राहक संतुष्टि में सुधार होने की उम्मीद है। ये क्यूआर कोड डिवाइस रतलाम मंडल के सभी यूटीएस काउंटरों पर सफलतापूर्वक काम कर रहे हैं। हालांकि मंडल के दाहोद एवं मेघनगर स्टेशनों पर पीआरएस एवं यूटीएस काउंटरों पर पहले से ही यह सिस्टम लागू है जहॉं फेयर रिपीटर लगाए गए हैं। अन्य स्टेशनों पर पीआरएस (यात्री आरक्षण केन्द्रों) पर फिलहाल इन क्यूआर कोड डिवाइस के इंस्टॉलेशन का काम प्रगति पर है।
यह पहल डिजिटल परिवर्तन को अपनाने और यात्रियों को आधुनिक, सुविधाजनक और भुगतान का सुरक्षित माध्यम प्रदान करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। डिजिटल माध्यम से भुगतान का यह व्यवस्था नगद भुगतान की प्रथा में कमी लाने के साथ ही साथ टिकट लेने के दौरान चेंज (रेजगारी) की समस्या भी दूर होगी। इस प्रौद्योगिकी का लाभ उठाकर पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल का लक्ष्य अधिक उत्तरदायी और उपयोगकर्ता के अनुकूल सेवा वातावरण बनाना है।

You missed

error: Content is protected !!