खबर पक्की, 20 अगस्त, रतलाम। रतलाम में एक बार फिर चोरों ने आतंक मचाया। चोरों ने बीती रात शहर के एक क्षेत्र में तीन सूने मकानों के नकूचे तोड़े। चोरों को देख एक रहवासी ने उनका पीछा भी किया। इस पर वे पथराव करते हुए भाग निकले। इससे रहवासी के सिर में चोट भी आई। चोर नगदी और आभूषण चुरा ले गए।
चोरी की घटना शहर के ऊंकाला रोड स्थित बसंत कॉलोनी में हुई है। क्षेत्र के अयान पिता अफजल शाह अपने घर पर ताला लगाकर पास में ही पिता के घर पर सोने के लिए गए थे। सुबह जब घर आए तो नकूचा टूटा मिला। घर में जाकर देखा तो सारा सामान अस्त व्यस्त था। चोर घर में से 2 जोड़ चांदी के पायजेब, 2 जोड़ी चांदी की चेन व 5 हजार रुपए नगद चुरा ले गए।
चोरों ने कॉलोनी के विनोद पंवार के घर के ताला लगा नकूचा तोड़ अपने हाथ साफ किए। विनोद परिवार के साथ राखी मनाने गांव खोरवासा गए थे। चोर यहां से अलमारी का लॉकर तोड़ 40 हजार रुपए नगद, पर्स में रखे करीब 1500 रुपए चुरा ले गए।
कॉलोनी के सलीम भाई के घर पर लगा ताले का नकूचा बदमाशों ने तोड़ा। यह रतलाम से बाहर होने के कारण जानकारी नहीं लग पाई कि क्या-क्या चोरी हुआ है।
रात को पुलिस को दी सूचना
कॉलोनी के लखन रजवानिया ने बताया कि रात 3 बजे मैं अपनी दुकान से घर आया। पास में रहने वाले सलमान भाई ने कॉल कर बताया कि कॉलोनी में दो चोर दिखे है। तब उन्हें पकडऩे के लिए पीछा किया। चोरों ने पत्थर फेंके व लकड़ी से हमलाकर अंधेरे का फायदा उठाकर खेत के रास्ते रत्नेश्वर की ओर भाग गए। पत्थर व लकडी से हमला करने पर सिर में चोट आई। चोर बैटरी व टॉवेल छोड़कर भाग गए। घटना की सूचना रात में ही पुलिस को दी। रात में ही पुलिस पहुंच गई। मंगलवार शाम तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला।
फिर चोरों का आतंक : तीन सूने मकानों को बनाया निशाना, कैश-जेवर चुराए, पीछा करने पर किया हमला
