• Thu. Oct 29th, 2026

जनसुनवाई में आए 28 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश जारी किए गए

BySurendra Jain

Aug 20, 2024

खबर पक्की, 20 अगस्त, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को संपन्न हुई। जिला पंचायत सीईओ श्रृंगार श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर आरएस मंडलोई, एसडीएम अनिल भाना ने जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त 28 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश जारी किए गए।
ग्राम मोरदा निवासी नाथुदास बैरागी ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि ग्राम मोरदा में श्रीराम मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य हेतु 6.11 लाख रुपए की राशि स्वीकृत होकर म.प्र. गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल भोपाल में रखी हुई है। उक्त राशि ग्रामीण विभाग में समायोजित करवाने से मंदिर का काम चालू हो जाएगा। पुजारी श्री बैरागी से कहा गया कि बीसीओ कोड उनके पास उपलब्ध नहीं होनेसे राशि नहीं डाली जा रही है। आवेदन निराकरण के लिए ईई हाउसिंग बोर्ड को भेजा गया है।
ग्राम बरखेडाकला निवासी दिलीप बलाई ने बताया कि प्रार्थी के पिता एक असंगठित श्रमिक मजदूर थे जिनकी मृत्यु 11 नवम्बर 2023 को हो चुकी है। पिता का संबल कार्ड ग्राम पंचायत बरखेडाकला द्वारा बनाया गया था जिसका आवेदन जनपद पंचायत आलोट में दे दिया गया था परन्तु आज दिनांक तक संबल राशि का भुगतान नहीं हुआ है, कृपया भुगतान करवाने की कृपा करें। आवेदन जिला पंचायत रतलाम को निराकरण के लिए प्रेषित किया गया है।
वीआईपी नगर कालोनी निवासी संगीता मूणत ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया के मकान की विगत 15 दिनों से लाइट बन्द है। इस सम्बन्ध में म.प्र. विद्युत वितरण कम्पनी लि. को लाइट बन्द होने की शिकायत भी की जा चुकी है, परन्तु लाइट चालू नहीं की जा रही है। प्रार्थिया द्वारा विद्युत की देय राशि भी बकाया नहीं है। कृपया मदद कर लाइट चालू करवाई जाए। आवेदन निराकरण के लिए म.प्र. विद्युत वितरण कम्पनी लि. को भेजा गया है।
डोंगरे नगर निवासी नाथुमल ने जनसुनवाई में दिए आवेदन में बताया कि प्रार्थी की पत्नी किडनी की बीमारी से पीडित है, चिकित्सकों द्वारा बाहर जाकर उपचार किए जाने हेतु कहा गया है। प्रार्थी की आर्थिक स्थिति काफी दयनी है और आयुष्मान कार्ड भी नहीं है जिससे वह पत्नी का उपचार करवा सके। कृपया प्रार्थी को आयुष्मान कार्ड प्रदान करने की कृपा करें जिससे वह पत्नी का उपचार करा सके। आवेदन एसडीएम रतलाम को निराकरण के लिए प्रेषित किया गया है।
जनसुनवाई के दौरान मांगुबाई बोडाना निवासी गुणावद ने बताया कि प्रार्थिया के पति स्व. नरसिंह की 10 नवम्बर 2023 को मृत्यु हो गई थी जिसकी अन्त्येष्टी एवं अनुग्रह सहायता आज दिनांक तक प्राप्त नहीं हुई है। कृपया राशि प्रदान करने का कष्ट करें। आवेदन निराकरण के लिए सीईओ जनपद पंचायत को प्रेषित किया गया है।

You missed

error: Content is protected !!