• Thu. Oct 29th, 2026

जिला लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक संपन्न, जिले की 17 उद्योग इकाईयों को 10 करोड़ राशि अनुदान का अनुमोदन

BySurendra Jain

Aug 7, 2024

खबर पक्की, 7 अगस्त, रतलाम। जिला लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में संपन्न हुई। बुधवार को कलेक्टर श्री राजेश बाथम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले की 17 सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम इकाइयों को शासन द्वारा 10 करोड़ रूपये अनुदान राशि दिए जाने का अनुमोदन किया गया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत शृंगार श्रीवास्तव, महाप्रबंधक उद्योग अमर सिंह मोरे, प्रबंधक सुश्री आयुषी बैरागी, निरीक्षक नीरज वरकडे, मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स रतलाम संभाग के प्रदेश सचिव वरुण पोरवाल, रिंकू कृष्णानी, सदस्य अंकित खंडेलवाल, आशीष पालीवाल, शुभम बरपेटा, पुनीत अरोड़ा, विकास भांगू, ओमप्रकाश त्रिवेदी आदि उपस्थित थे।
बैठक में उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों को शासन की सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम पॉलिसी से अवगत कराया गया। भूमि आवंटन के संबंध में नियमों की जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री राजेश बाथम ने कहा कि जिले के औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगपतियों के लिए समस्त सुविधाओं बुनियादी जरूरतें और अधोसंरचनात्मक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए शासन के निर्देश अनुसार समस्त कार्य संपादित किए जाएंगे। उद्योगपतियों द्वारा जो भी समस्याएं बताई गई हैं, उनका निराकरण कर दिया जाएगा। जिले में अविकसित भूमि को विकसित की जाकर शासन के दिशा निर्देश अनुसार उद्योग लगाने हेतु आवंटित की जाएगी। नवीन इकाईयों के लिए भूमि चिन्हित करने हेतु कलेक्टर द्वारा महाप्रबंधक उद्योग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में शासन की सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम पॉलिसी की जानकारी देते हुएं विस्तृत रूप से औद्योगिक इकाई स्थापना प्रक्रिया, अनुदान प्राप्ति के नियम, भूमि आवंटन के नियम, आवश्यक दस्तावेज, समय सीमा इत्यादि बिंदुओं से अवगत कराया गया।
बैठक में उपस्थित औद्योगिक प्रतिनिधियों द्वारा जिले के औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु चर्चा की गई। कलेक्टर श्री बाथम ने कहा कि उनके द्वारा स्वयं औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण किया जाकर आवश्यक कार्यों के लिए जायजा लिया जाएगा।

You missed

error: Content is protected !!