• Thu. Oct 29th, 2026

निजी कंपनी की लापरवाही के चलते पत्रकार आरिफ कुरैशी गंभीर रुप से घायल, दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग

BySurendra Jain

Aug 6, 2024

खबर पक्की, 6 अगस्त, रतलाम। न्यूरोड पर निजी कंपनी द्वारा डाली जा रही केबल के कार्य में की गई गंभीर लापरवाही के चलते वरिष्ठ पत्रकार आरिफ कुरैशी गंभीर रुप से घायल हो गए है। जिला चिकित्सालय में उनका उपचार किया जा रहा है। दुर्घटना बेहद गंभीर थी, यदि उपचार में थोडी भी देर हो जाती तो श्री कुरैशी के साथ कुछ भी हो सकता था। शहर के पत्रकारों ने लापरवाही करने वाले दोषियों के विरुद्ध कडी कार्यवाही करने की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरिफ कुरैशी शाम करीब पांच बजे अपनी बाईक से न्यूरोड से गुजर रहे थे। न्यूरोड पर निजी कंपनी की केबल लगाने का काम किया जा रहा है। जिस समय श्री कुरैशी न्यूरोड से गुजरे ठीक उसी समय केबल डाल रहे कर्मियों ने केबल को नीचे कर दिया,जिसकी वजह से केबल श्री कुरैशी के गले में अटक गई और वे नीचे गिर पडे। केबल गले में अटकने से उनकी श्वासनली कट सकती थी। इस दुर्घटना में श्री कुरैशी गला कटने के अलावा उनके सीने और हाथों में भी चोटें आई है।
दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि गले में केबल अटकने के बाद कुछ देर के लिए श्री कुरैशी की सांसे रुक गई थी। उन्हे फौरन जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी सांसे वापस लौटी। इस दुर्घटना में श्री कुरैशी का ब्लडप्रैशर भी बढ गया और सीने में दर्द महसूस होने लगा। फिलहाल उनका उपचार जारी है और कई पत्रकार जिला चिकित्सालय में मौजूद है।
दिन के समय जब न्यूरोड जैसे व्यस्त मार्ग पर यातायात का भारी जबाव होता है, ऐसे समय पर सडक पर केबल डालने जैसा कार्य किया जाना अपने आप में गंभीर लापरवाही का प्रत्यक्ष उदाहरण है। प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश गोस्वामी ने इस मामले में लापरवाही करने के दोषी तमाम व्यक्तियों के विरुद्ध कडी कार्यवाही करने की मांग प्रशासन से की है।

You missed

error: Content is protected !!