• Thu. Oct 29th, 2026

झमाझम बारिश से सड़कें नदियां बनी,बहने लगे वाहन, कई जगह जल जमाव की स्थिति

BySurendra Jain

Jul 25, 2024

खबर पक्की, 25 जुलाई, रतलाम। पिछले कई दिनों से बारिश की बेरुखी के बाद गुरुवार दोपहर से शुरु हुई झमाझम बारिश ने शहर की सड़कों को नदियों में तब्दील कर दिया। शहर में कई जगह जल जमाव की स्थिति बन गई है और पानी भरी सड़कों से गुजरने वाले दो पहिया और चार पहिया वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड रहा है। तीन घण्टों में करीब डेढ से दो इंच बारिश होने का अनुमान है।
पिछले कई दिनों से तेज बारिश का इंतजार किया जा रहा था। लेकिन गुरुवार(आज)दोपहर तीन बजे से शुरु हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर को अस्तव्यस्त कर दिया है। दोबत्ती चौराहे पर जबर्दस्त जलजमाव हो चुका है। न्यूरोड से पानी इतनी तेजी से बह रहा है कि न्यू रोड किसी नदी जैसा नजर आने लगा है। पानी का बहाव इतना तेज है कि यातायात पुलिस द्वारा सड़क पर रखे गए बैरिकेट्स पानी में बहते नजर आए।
दो बत्ती चौराहे से गुजरने वाले दो पहिया वाहन चालकों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड रहा है। यहां से गुजरने वाले कई दोपहिया वाहन इंजिन में पानी घुस जाने से बन्द हो रहे है। दो बत्ती से बहता पानी न्यूरोड,अजंता टाकिज जैसे इलाकों में भर रहा है। इसी तरह लक्ष्मणपुरा और शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। नालियां और नाले भी पूरी तरह उफान पर आ गए है।
शहर के कई इलाकों से जलजमाव की खबरें आ रही है। लोकेन्द्र टाकीज चौराहा,ब्लड बैैंक के सामने, अलकापुरी चौराहा इत्यादि स्थानों पर भारी जलजमाव हो गया है और लोगों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड रहा है।
अब तक मात्र 12 इंच बारिश
वैसे गुरुवार को झमाझम बारिश को छोड दिया जाए तो अब तक बारिश का मौसम कमजोर ही रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अभी तक बेहद कम वर्षा रेकार्ड की गई है। मौसम विभाग के आंकडों के मुताबिक बारिश के इस सीजन में अब तक जिले में औसतन मात्र 12 इंच बारिश हुई है। जबकि पिछले साल इसी अवधि में जिले में औसतन 23 इंच बारश रेकार्ड कग गई थी।
विकासखण्ड वार देखा जाए तो सबसे कम बारिश पिपलौदा में 6इंच और सर्वाधिक सैलाना में 16 इंच बारिश रेकार्ड की गई है। इके अलावा रतलाम में 11 इंच,जावरा में 11 इंच,आलोट में दस इंच,ताल में 9 इंच,बाजना में 11 इंच और रावटी में 12 इंच वर्षा दर्ज की गई है।

You missed

error: Content is protected !!