खबर पक्की, 18 जुलाई, रतलाम। जिले में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। घरों के साथ ही चोर मंदिरों में भी वारदात करने लगे हैं। बुधवार व गुरुवार की दरमियानी रात चोरों ने सैलाना नगर में स्थित महालक्ष्मी मंदिर में वारदात कर दी।
दो चोर कंबल ओढ़कर मंदिर के दरवाजे के नकूचे काटकर अंदर घुसे। इसके बाद अष्टधातु और चांदी के कमल के फूल व मुकुट चुराकर ले गए। जानकारी के अनुसार चोर रात में मंदिर पर पहुंचे, उन्होंने किसी औजार से गेट का नकूचा काटा और मंदिर में घुस गए।
इसके बाद वे कमल के फूल व मुकुट चुराकर बाहर निकलने और भाग गए। चोरी का पता गुरुवार उस समय चला जब पुजारी पंडित रमेश शर्मा मंदिर के पेट खोलने पहुंचे तो उन्हें मंदिर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। उन्होंने तत्काल सैलाना थाने पर सूचना दी।
धामनोद चौकी प्रभारी (एसआई) आरपी सारस्वत दल के साथ मंदिर पहुंचे तथा पुजारी से जानकारी लेकर जांच की। चोरी गए चांदी के कमल के फूल व मुकुट की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। पुलिस मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए, तो दो चोर कंबल ओढ़कर आते-जाते दिखाई दिए।
वहीं एक चोर मूर्ति के पास कंबल ओढ़े बैठ वारदात करते हुए वीडियो में नजर आया। फुटेज के अनुसार रात 12 बजे चोरों ने वारदात की है। पिछले छह महीने में महालक्ष्मी मंदिर में चोरी की यह दूसरी वारदात है। जनवरी 2024 में चोर मंदिर से चांदी का छत्र चुराकर ले गए थे। छत्र चुराने वाले चोरों को कुछ दिन बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
कंबल ओढ़कर महालक्ष्मी मंदिर में घुसे बदमाश, चुरा ले गए मुकुट और चांदी के फूल
