• Thu. Oct 29th, 2026

जनसुनवाई अन्तर्गत आमजन की समस्याओं का निराकरण किया गया

BySurendra Jain

Jul 2, 2024

खबर पक्की, 2 जुलाई, रतलाम। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर आर.एस. मण्डलोई एवं संयुक्त कलेक्टर अनिल भाना ने जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनी और उनका निराकरण किया।
आवेदक मनीष रायकवार निवासी ग्राम रिंगनोद ने बताया कि कोविड वेक्सीनेशन के दौरान एवीडी के रुप में कार्य किया था, जिसका भुगतान लंबित है। इस सम्बन्ध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। धामनोद निवासी आवेदक योगेश ने बताया कि आजाद मार्केट की दुकान क्रमांक 1 व 3 के लिए टेण्डर जमा किए थे, दोनों दुकान मेरे नाम पर आवंटित हुई है और नियमानुसार राशि जमा करवा दी गई है। अमानत राशि वापसी का आवेदन प्रस्तुत किया है किन्तु भुगतान नहीं हुआ है। इस सम्बन्ध में कार्यवाही हेतु नगर पालिका अधिकारी धामनोद को निर्देशित किया गया।
ग्राम करवाखेडी निवासी श्रीमती शांतिबाई ने बताया कि उनकी भूमि पर नवीन निवासी ताल द्वारा कब्जा किया गया है। इस सम्बन्ध में तहसीलदार ताल को कार्रवाई कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया। मांगू पिता दलसिंह डामर निवासी भेरुघाटी तहसील रावटी ने अपनी भूमि पर कोदर पिता मन्ना खराडी, सेमू पिता जीवणा खराडी, रामला पिता कोदर खराडी, हकरु पिता कोदर खराडी के विरुद्ध शिकायत प्रस्तुत की कि प्रार्थी की भूमि पर प्रतिप्रार्थी द्वारा अनुचित कब्जा कर लिया गया है। प्रकरण में एसडीएम सैलाना को कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।
पारिवारिक कलह के सम्बन्ध में जमीन को अवैधानिक तौर पर गिरवी रखे जाने के सम्बन्ध में मन्नालाल निवासी ग्राम सादाखेडी ने शिकायत प्रस्तुत करते हुए बताया कि नन्दू निवासी ग्राम सादाखेडी द्वारा विवाद किया जा रहा है और मारपीट करते हुए मेरे हिस्से की जमीन जबरन गिरवी रख दी गई है। इस सम्बन्ध में कार्यवाही हेतु एसडीएम जावरा को निर्देशित किया गया है। अब्दुल हमीद निवासी तोपखाना रतलाम ने बताया कि उनकी कृषि भूमि पर राजवंती पिता जगदीशसिंह चौधरी निवासी रेलवे कालोनी ने जबरन कब्जा कर लिया है और पुराने बबूल के पेड को काट दिया है। प्रकरण में तहसीलदार रतलाम शहर को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।
नसीम मंसूरी निवासी विरियाखेडी, शगूफ्ता मंसूरी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि आरटीई में एडमिशन दिलाने के बाद कक्षा 8 वीं उत्तीर्ण करने पर 9 वीं कक्षा में पढाई करने पर रतलाम पब्लिक स्कूल द्वारा फीस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और स्कूल से निकालने की धमकी दी जा रही है। स्कूल की कुल फीस एक वर्ष में 1 लाख 50 हजार रुपए है और इतनी फीस देने में परिवार सक्षम नहीं है, अत: फीस माफ करवाई जाए। प्रकरण में जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।
सुमंगल गार्डन के पीछे कस्तुरबा नगर निवासी काशीराम गायकवाड ने नगर निगम इंजीनियर विनोद पाटीदार के विरुद्ध अत्याचार करने का आरोप लगाते हुए बताया कि उनके द्वारा बाउण्ड्रीवाल तोडने हेतु कार्यवाही की जा रही है। आवेदक ने बताया कि प्रार्थी अनुसूचित जाति का रिटायर्ड व्यक्ति है, किन्तु नगर निगम इंजीनियर द्वारा बिना सूचना दिए कार्यवाही की जा रही है जो अनुचित है। प्रकरण में कार्यपालन यंत्री नगर निगम को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।
आवेदक सोहनसिंह निवासी ग्राम नगरा ने घरेलू विद्युत कनेक्शन में सुधार करवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। प्रकरण में म.प्र. वि.वि. कम्पनी के अधिकारियों को कार्रवाई हेतु कहा गया है। मनावर जिला धार निवासी सुनीता मालवीय ने बताया कि उनका चयन जिला सहकारी बैंक रतलाम में सोसायटी मैनेजर के पद पर हुआ है, दस्तावेजों का परीक्षण 27 फरवरी को हो चुका है किन्तु अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला है। प्रकरण में महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक को कार्रवाई हेतु लिखा गया है।

You missed

error: Content is protected !!