• Thu. Oct 29th, 2026

स्वास्थ्य संस्थाओं में चिकित्सकों की ड्यूटी लगाकर व्यवस्था बनाई जाएगी : सीएमएचओ

BySurendra Jain

Jul 2, 2024

खबर पक्की, 2 जुलाई, रतलाम। कलेक्टर राजेश बाथम ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. आनन्द चंदेलकर को सैलाना एवं बाजना क्षेत्र में चिकित्सकों की उचित व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया। इस क्रम में सीएमएचओ डा. चंदेलकर, बीएमओ बाजना तथा बीएमओ सैलाना ने एसडीएम मनीष जैन से जाकर इस सम्बन्ध में विस्तारपूर्वक चर्चा की।
सीएमएचओ ने बताया कि नियमित संविदा एवं बंध पत्र सभी चिकित्सक मिलाकर कुल 15 चिकित्सक बाजना विकासखण्ड अन्तर्गत कार्यरत हैं। सभी चिकित्सकों की इमरजेंसी एवं संस्था आधारित ड्यूटी लगाकर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही सैलाना विकासखण्ड में कुल 5 चिकित्सक कार्यरत हैं, चिकित्सकों की कमी के चलते आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के चिकित्सकों की 3 दिन ड्यूटी लगाकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएगी।
एसडीएम मनीष जैन ने अनुभाग अन्तर्गत सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्तापूर्ण प्रदायगी के लिए सीएमएचओ एवं बीएमओ को निर्देशित किया। सीएमएचओ ने विकासखण्ड अन्तर्गत पीवीसी आयुष्मान कार्ड वितरण कराने, दस्तक अभियान के दौरान शून्य से 5 वर्ष आयु समूह के बच्चों को पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समग्र आईडी लेकर शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही की बात कही। उन्होंने दस्तक अभियान अन्तर्गत विकासखण्ड के उपस्वास्थ्य केन्द्र करिया का निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।
चर्चा एवं भ्रमण के दौरान एपीडेमियोलाजिस्ट डा. गौरव बोरीवाल, बीएमओ डा. पी.सी. कोली, बीईई कैलाश यादव, बीपीएम सैलाना धनसिंह रावत, स्थापना प्रभारी संदीप तलोदिया, लवनेश शर्मा, वीसीएम रेखा गणावा, एएनएम आशा राठौर एवं अन्य उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!