खबर पक्की, 21 जून, रतलाम। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को रतलाम के बरबड़ विधायक सभागृह में जिला स्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंत्री चेतन्य काश्यप, प्रदीप उपाध्याय, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, कलेक्टर राजेश बाथम, सीईओ जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उदबोधन का सीधा प्रसारण देखा सुना गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप द्वारा मध्यप्रदेश शासन की मिलेट मिशन योजना अंतर्गत रानी दुर्गावती श्री अन्न संवर्धन योजना का जिले में शुभारंभ भी हुआ।
इस अवसर पर मंत्री काश्यप ने अपने उदबोधन में कहा कि योग की विधा हमारे देश की अत्यंत प्राचीन विद्या एवं परंपरा है इससे मन, मस्तिष्क एवं शरीर स्वस्थ रहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से आज पूरी दुनिया में योग के प्रति लोगों का आकर्षण बड़ा है। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक श्रीमती आशा दुबे के निर्देशन में योग अभ्यास किया गया।
परिसर में श्री अन्न संवर्धन योजना शुभारंभ के अवसर पर हमारे देश के मोटे अनाजों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अवलोकन मंत्री श्री काश्यप द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला कृषि विभाग द्वारा कोदो, कुटकी, रागी, ज्वार, मक्का, सावा आदि मोटे अनाजों को प्रदर्शित किया गया साथ ही मोटे अनाजों से निर्मित व्यंजन भी रखे गए थे। उप संचालक कृषि श्रीमती नीलम सिंह चौहान, सहायक अधिकारी श्री आरके सिंह उपस्थित थे।
कैबिनेट मंत्री श्री काश्यप ने नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय बरबड़ विधायक सभागृह में प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने उपस्थित व्यक्तियों को नशे की विरुद्ध शपथ दिलाई। इस दौरान प्रदीप उपाध्याय, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, कलेक्टर राजेश बाथम, सीईओ जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, उपसंचालक सामाजिक न्याय श्रीमती संध्या शर्मा, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर उपस्थित व्यक्तियों में शपथ ली कि आज हम एकजुट होकर नशा मुक्ति अभियान के तहत एक प्रतिज्ञा लेते हैं कि न केवल हमारे समुदाय, परिवार, दोस्त, बल्कि खुद को नशा मुक्त बनाएंगे। परिवर्तन भीतर से शुरू होता है इसलिए आओ मिलकर अपने मध्यप्रदेश को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लें, मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि अपने प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रतलाम में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित, कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों,नागरिकों ने किया योगाभ्यास, श्री अन्न संवर्धन योजना का हुआ शुभारंभ
