खबर पक्की, 21 जून, रतलाम। बड़े उद्योगों, कंपनियों की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व राशि का उपयोग कई महत्वपूर्ण जनहितेषी कार्यों में किया जाएगा यह राशि जल संवर्धन , स्कूलों, आंगनबाडिय़ों, स्वास्थ्य भवनो के उन्नयन, छात्रावासों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति, यूरिनल एवं शौचालय निर्माण आदि कार्यों पर खर्च की जाएगी। उक्त जानकारी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न बैठक में दी गई। कलेक्टर राजेश बाथम ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत विभिन्न कार्यों के प्रस्ताव शनिवार तक उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रृंगार श्रीवास्तव, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट, जिले के विभिन्न उद्योगों कंपनियों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।
बैठक में इप्का कंपनी के प्रतिनिधि ने अवगत कराया कि उनकी कंपनी द्वारा वर्ष 2024-25 के लिए लगभग सवा करोड रुपए की राशि रतलामजिले में कॉर्पोरेट सोशल उत्तरदायित्व के तहत उपलब्ध कराई जाएगी। विगत वर्ष भी उनके द्वारा लगभग डेढ़ करोड़ रूपया उपलब्ध करवाया गया है। करीब 700 व्यक्तियों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन करवाए गए हैं, मूक बधिर बच्चों के लिए भी सहायता उपलब्ध करवाई गई है। इसी प्रकार इंडियन ऑयल की पाइपलाइन विंग के अधिकारी ने बताया कि उनकी कंपनी द्वारा इस वर्ष में 50 लाख रुपए उपलब्ध करवाए जाएंगे। बैठक में उपस्थित अन्य औद्योगिक संस्थानों द्वारा जारी वित्तीय वर्ष में सीएसआर राशिउपलब्ध कराने की बात कही गई।
बैठक में कलेक्टर राजेश बाथम ने विभिन्न शासकीय विभागों को उनके विभागीय कार्यों के लिए सीएसआर से प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत जनजाति कार्य विभाग छात्रावासो में वाटर कूलर, गीजर, पेयजल, सामाजिक न्याय विभाग दिव्यांगों, बुजुर्गों की सहायता, स्वास्थ्य विभाग संस्थागत प्रसव के लिए निर्माण, अस्पताल परिसरों में पेयजल व्यवस्था तथा यूरिनल शौचालय का निर्माण महिला बाल विकास विभाग आंगनवाड़ी उन्नयन तथा स्कूल शिक्षा विभाग स्कूलों के उन्नयन तथा स्कूलों में मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति एवं नगर निगम तथा नगर पालिकाएं नगरीय क्षेत्र में विभिन्न जरूरत की पूर्ति के लिए प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करेंगे।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रृंगार श्रीवास्तव ने सीएसआर से जिले के ग्रामीण क्षेत्र में जल संवर्धन के लिए रिचार्ज शाफ्ट निर्माण तथा बंद पड़े 511 बोरवेल को रिचार्ज सॉफ्ट में कन्वर्ट करने के प्लान से अवगत कराया।
उल्लेखनीय है कि कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत बड़ी कंपनी, उद्योगों को उनके पिछले तीन वित्तीय वर्ष के औसत लाभ की कम से कम 2 प्रतिशत राशि सामाजिक उत्तरदायित्व के कार्यों में व्यय करना अनिवार्य है।
कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व राशि से होंगे जिले में जनहितेषी कार्य, कलेक्टर श्री बाथम ने बैठक लेकर दिए निर्देश
