• Thu. Oct 29th, 2026

रतलाम से रात 3 बजे रवाना हुए आईटी अधिकारी, बैंक के रिकॉर्ड खंगाले, डेढ़ करोड़ की मिली नगदी, दो दिन तक चली कार्रवाई

BySurendra Jain

May 31, 2024

खबर पक्की, 31 मई, रतलाम। रतलाम में हवाला कारोबारी के यहां चल रही इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई खत्म हो गई है। शुक्रवार तड़के टीम रवाना हो गई। टीम को कारोबारी के यहां से डेढ़ करोड़ रुपए नगद मिले हैं। जिसे विभाग ने जब्ती में ले लिया है। इसके पहले गुरुवार को टीम द्वारा कारोबारी को लेकर रतलाम की अलग-अलग बैंकों में भी पहुंचे। बैंकों के रिकॉर्ड खंगाले। लॉकर भी चैक किए। इस कार्रवाई को लेकर कोई भी अधिकारी बोलने के लिए तैयार नहीं है।
बता दे कि शहर के गायत्री मल्टीप्लेक्स रोड पर हवाला कारोबारी मनीष पटवा के निवास पर बुधवार दोपहर करीब 2.30 बजे 8 लक्झरी गाडिय़ों में सवार होकर आए 15 से 20 अधिकारियों ने अचानक छापा मारा था। जो घर के अंदर थे उन्हें बाहर नहीं आने दिया। यह कार्रवाई बुधवार दोपहर से लेकर रात व अगले दिन गुरुवार की सुबह से लेकर रात तक जारी रही। शुक्रवार सुबह 3 बजे टीम रवाना हो गई। शुक्रवार सुबह कारोबारी के मकान के नीचे दवा बीज की दुकान भी खुल गई। जो गुरुवार को दिनभर बंद थी। गाडिय़ों का काफिला भी जा चुका है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान सोने और चांदी की ज्वेलरी भी मिली है। ज्वेलरी के वेल्युएशन के लिए वेल्युअर की तलाश की, लेकिन नहीं मिलने पर इंदौर से बुलाया गया।
बैंक अधिकारियों को भी बुलाया
कार्रवाई के दौरान गुरुवार को रतलाम के बैंकों के भी कुछ अधिकारियों को बुलाया गया। इसके अलावा कारोबारी को लेकर आईटी के अधिकारी पावर हाउस रोड स्थित केनरा बैंक से लेकर एसबीआई तक लेकर गए है। बैंकों में ट्रांजेक्शन चैक किया।
गुरुवार सुबह से लेकर देर रात अधिकारियों की गाडिय़ों का काफिला कारोबारी के मकान के बाहर ही खड़ा रहा। शहर में ऐसा पहली बार देखने में आ रहा है कि दो दिन तक लगातार दिन-रात कार्रवाई चल रही है। साथ ही इनकम टैक्स की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
कुछ अधिकारी फ्लाइट से आए इंदौर
कार्रवाई में भोपाल, इंदौर, ग्लावियर, जबलपुर के अधिकारी शामिल थे। बताया जा रहा है कि ग्वालियर व जबलपुर से आने वाले कुछ अधिकारी फ्लाइट से इंदौर आए थे। वहां पर पहले से प्राइवेट टैक्सियां उनके लिए बुक थी। रतलाम में कार्रवाई के पहले कुछ अधिकारी तो सैलाना की तरफ घूमने भी गए। कुछ ने सैलाना बस स्टैंड की तरफ ज्यूस भी पिया। रेड डालने के पहले गाडिय़ां दूर खड़ी कर पूरी तरह से रैकी की। फिर बुधवार दोपहर में अधिकारियों का काफिला दिन में एक साथ पहुंचा।
धोती कुर्ता पहने एक व्यक्ति को लेकर निकले बाहर
गुरुवार दोपहर कुछ अधिकारी बाहर निकले। इनके साथ धोती कुर्ता में एक व्यक्ति भी बाहर निकला। जिसे तुरंत गाड़ी में बैठा दिया। एक अधिकारी के हाथ में थैली भी थी। आसपास पूछने पर पता चला कि धोती कुर्ता में कारोबारी मनीष पटवा है। जो कि हमेशा इसी पहनावे में रहता है। इनका एक ओर भाई वह भी इसी कारोबार से जुड़ा है। दोनों भाई हमेशा धोती-कुर्ते में रहते है। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर पुलिस जवान तैनात रहे। वह भी कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं थे।

You missed

error: Content is protected !!