• Thu. Oct 29th, 2026

मतगणना जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य को गंभीरता से करे : कलेक्टर श्री बाथम, मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण संपन्न

BySurendra Jain

May 25, 2024

खबर पक्की, 25 मई, रतलाम। लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत आगामी 4 जून को मतगणना रतलाम के कला एवं विज्ञान महाविद्यालय परिसर में संपन्न होगी। इसके लिए नियुक्त सभी अधिकारी, कर्मचारी मतगणना के अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य को गंभीरता के साथ पूर्ण करें। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। उक्त निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेश बाथम ने शनिवार को आयोजित मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए दिए।
स्थानीय गुरु तेग बहादुर स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण में लगभग पौने चार सौ अधिकारी, कर्मचारी सम्मिलित हुए जिनमें सूक्ष्म पर्यवेक्षक, गणना पर्यवेक्षक तथा गणक सम्मिलित हुए। प्रशिक्षण राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर सुरेश कटारिया, राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर प्रोफेसर सौरभ लाल तथा प्रोफेसर एल. एस. चोंगर द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य कला एवं विज्ञान महाविद्यालय डॉ. वाय.के. मिश्रा तथा एसडीएम संजीव पांडे भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री बाथम ने प्रशिक्षण में संबोधित करते हुए मतगणना प्रक्रिया के विभिन्न बिंदुओं पर कार्मिकों को निर्देशित किया। कलेक्टर द्वारा ईवीएम मशीन के क्लोज बटन को पुश करने, मत पत्र लेखा के फार्म 17 सी भाग 2 के सत्यापन, एजेंट की उपस्थिति, गणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों आदि के बारे में महत्वपूर्ण समझाईश दी गई। उन्होंने निर्देश दिए कि मतगणना कार्य के लिए पूर्व से जारी निर्देश अनुसार सभी कार्मिक स्थल पर निर्धारित समय पर उपस्थित होंगे। मतगणना कार्य पूर्ण होने के पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश अनुसार ही मतगणना स्थल छोड़ पाएंगे।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए मतगणना कार्य हेतु नियुक्त अधिकारियों, कर्मचारियों का द्वितीय प्रशिक्षण आगामी 3 जून को कला एवं विज्ञान महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा। इसके अलावा आगामी 28 मई को कलेक्ट्रेट में सीलिंग तथा सारणीकरण का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

You missed

error: Content is protected !!