खबर पक्की, 4 अप्रैल, रतलाम। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग उज्जैन के अधीक्षण यंत्री श्री राजीव खुराना ने गुरुवार को जिले के पांच ग्रामों का भ्रमण किया, नल-जल योजनाओं का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से चर्चा की, जल समिति सदस्यों से संवाद किया।
अधीक्षण यंत्री ग्राम सनवादा, मोरदा, नेगड़दा, चवरा, मुंदड़ी पहुंचे। उन्होंने पेयजल व्यवस्था संचालन, संधारण, जलकर वसूली, जल गुणवत्ता की सतत जांच आदि विषयों पर चर्चा की। जहां सुधार किया जाना है, संबंधित उपयंत्री को निर्देशित किया। ग्रामीणों को पानी का महत्व बताया, नलों पर टोटिया लगाने, जल अपव्यय को रोकने की बात कही। भ्रमण उपरांत जिला मुख्यालय पर विभागीय कार्यों की समीक्षा भी की।
समीक्षा के दौरान श्री खुराना ने प्रगतिरत योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। ग्रीष्मकाल में कहीं भी जल संकट उत्पन्न नहीं हो, इस हेतु हैंडपंप संधारण, सिंगल फेस मोटर, राइजिंग पाइप की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। कार्यपालन यंत्री श्री गोविंद भूरिया, सहायक यंत्री नरेश कुवाल, श्रीमती प्रियंशा दुबे, जिला सलाहकार आनंद व्यास, उपयंत्री बी.एल. बिंदोरिया, कमल कुमावत, इरफान अली, डी.सी. कथिरिया, अर्पित चतर, शोभा अर्गल, जिगनेश बामनिया, लोकेश डायमा आदि उपस्थित थे।

