• Thu. Oct 29th, 2026

आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन नहीं हो अधिकारी रखे नजर, कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

BySurendra Jain

Mar 18, 2024

खबर पक्की, 18 मार्च, रतलाम। जिले में लोकसभा निर्वाचन 2024 से स्वतंत्र, निष्पक्ष रूप से संपन्न किये जाना है। निर्वाचन आयोग की आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन किसी भी स्तर पर नहीं हो, इस पर अधिकारी नजर रखें। निर्वाचन के लिए अधिकारी, कर्मचारी निष्पक्ष रूप से कार्य करें। किसी भी राजनीतिक दल से झुकाव अथवा संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के अंतर्गत कार्रवाई सुनिश्चित रूप से की जाएगी। शासकीय अमले की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। उक्त निर्देश कलेक्टर राजेश बाथम ने सोमवार को समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर आर.एस. चौधरी तथा अन्य जिला स्तरीयअधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में जिला अधिकारी स्वयं उपस्थित रहे, किसी अधीनस्थ की उपस्थिति स्वीकार्य नहीं की जाएगी। विशेष परिस्थिति को छोड़कर अधिकारी अपने साथ बैठक में किसी अधीनस्थ को नहीं लाएंगे। सभी कार्यालय प्रमुख अपनी मुख्य स्थापनाओं की जानकारी दो दिवस में कलेक्ट्रेट में उपलब्ध करवाएं।
लोकसभा निर्वाचन के अंतर्गत आदर्श शासन संहिता को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश बैठक में दिए गए। किसी भी नवीन कार्य की स्वीकृति नहीं देना है। कलेक्टर ने संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत जिले में की गई कार्रवाई की जानकारी सभी एसडीएम से प्राप्त की, बैलेट पेपर के संबंध में जिला कोषालय अधिकारी को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में अन्य बिंदुओं पर भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त कलेक्टर अनिल भाना, एसडीएम संजीव पांडे, त्रिलोचन गौड, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट, डिप्टी कलेक्टर विवेक सोनकर, परिविक्षाधीन डिप्टी कलेक्टर सुश्री आर्ची हरित, शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी अरुण पाठक, महिला बाल विकास अधिकारी रजनीश सिन्हा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग अनुराग सिंह, कार्यपालन यंत्री पीआईयू सचिन हरित, जिला योजना अधिकारी बी.के. पाटीदार भी उपस्थित थे।

You missed

error: Content is protected !!