खबर पक्की, 12 मार्च, रतलाम। बहुचर्चित राजीव गांधी सिविक सेंटर में 22 भूखंडों की रजिस्ट्री कराने के मामले में नगरीय विकास एवं आवास विभाग मंत्रालय ने रतलाम नगर निगम आयुक्त एपीएस गहरवार को सस्पेंड कर दिया है। रतलाम नगर निगम आयुक्त कार्यशैली के चलते मार्च 2023 में ज्वाइनिंग के बाद से सुर्खियों में छाए हुए थे। खास बात यह है कि निलंबित आयुक्त गहरवार मई माह में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उसके पहले उनके खिलाफ राज्य शासन ने अनियमित्ता बरतने के मामले में बड़ा एक्शन लिया। निलंबन आदेश के दो घंटे पहले ही रतलाम आए नगरीय प्रशासन विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का आयुक्त ने स्वागत भी किया था।
मंगलवार को मध्यप्रदेश शासन नगर विकास एवं आवास विभाग के उपसचिव हर्षल पंचोली के हस्ताक्षर से निलंबन आदेश जारी हुआ है। हाल ही में 7 औ 9 मार्च को रतलाम नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट पेश के लिए साधारण सम्मेलन आहूत किया गया था। सम्मेलन में नगर निगम आयुक्त गहरवार के खिलाफ भाजपा पार्षदों ने जमकर नाराजी जताते हुए राजीव गांधी सिविक सेंटर के 22 भूखंडों की एमआईसी और परिषद की सक्षम स्वीकृति बिना अनियमितता करते हुए रजिस्ट्री और नामांतरण कराने के गंभीर आरोप लगाए थे।
इसके पूर्व भाजपा जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने भी तत्कालीन कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार को सिविक सेंटर के भूखंड की नियम विपरित रजिस्ट्री पर आपत्ति लेते हुए मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। तत्कालीन कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने आरोपों से घिरे निलंबित निगम आयुक्त गहरवार का जांच प्रतिवेदन राज्य शासन को भेजा था। गहरवार की निलंबन अवधि में उन्हें उज्जैन संभाग के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में अटैच किया है।
भाजपा पार्षदों से अभद्रता करने का भी लगाया था आरोप
7 और 9 फरवरी को निगम के बजट सम्मेलन में भाजपा महिला पार्षदों ने आयुक्त गहरवार के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई थी। 7 मार्च को वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद निशा पवन सोमानी ने बिना नाम लिए अधिकारी पर गलत व्यवहार और वार्डो के विकास कार्य रोकने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया था। सम्मेलन के दूसरे 9 फरवरी को महिला पार्षदों ने खुल कर आयुक्त गहरवार पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था। भाजपा पार्षद आयुषी सांकला, कविता चौहान ने आयुक्त की भाषा शैली और व्यवहार को लेकर भी आपत्ति भी जताई थी। अन्य महिला पार्षदों ने भी खड़े होकर आयुक्त गहरवार का जमकर विरोध किया था।
आयुक्त ने कहा था मेरे खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाओ
सम्मेलन के दूसरे दिन सत्ता धारी दल के सभी भाजपा पार्षदों ने जब खड़े होकर आयुक्त गहरवार से जवाब मांगा तो उन्होंने चैलेंज देते हुए कहा कि आप मेरे खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाओ, तब मैं जवाब दूंगा। महिला पार्षदों ने महापौर से भी कार्रवाई के लिए कहा तो उन्होंने कहा था कि एक तरफा कार्रवाई नहीं कर सकता हूं। एक तरह से आयुक्त गहरवार का बचाव किया था। इस मामले में पार्टी की काफी किरकिरी भी हुई थी। संगठन ने जमकर नाराजी भी जताई थी।

